लखनऊ: दो बीवियां, तीन बच्चे और तीसरी दुल्हन से शादी कर फरार हुआ दूल्हा, दुल्हन ने दर्ज कराई FIR
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दूल्हा पहले से दो शादियां कर चुका था और उसके तीन बच्चे भी थे। इसके बावजूद उसने एक महिला टीचर को इंस्टाग्राम पर फंसाया और फिर उससे शादी कर ली। शादी के कुछ समय बाद ही दूल्हा दुल्हन के घर से एक-एक करके दो स्कूटी लेकर फरार हो गया। जब दुल्हन को इस सच्चाई का पता चला तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई और उसने थाने पहुंचकर FIR दर्ज कराई।
मामला महानगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक महिला टीचर की मुलाकात इंस्टाग्राम पर एक युवक से हुई थी। पहले दोस्ती हुई और फिर बातचीत का सिलसिला इतना बढ़ा कि युवक ने शादी का प्रस्ताव रख दिया। युवती को भी वह पसंद आया, इसलिए उसने शादी के लिए हामी भर दी। दोनों ने आर्य समाज मंदिर में विवाह किया और दूल्हा दुल्हन के घर आकर रहने लगा। लेकिन दुल्हन को जरा भी अंदाजा नहीं था कि दूल्हा पहले से शादीशुदा है और उसे धोखा देने की योजना बना चुका है।
कुछ ही दिनों में युवक मौका पाकर दुल्हन के घर से दो टू-व्हीलर चुराकर भाग गया। जब दुल्हन ने उसे फोन किया तो उसका मोबाइल बंद मिला। तलाश करने पर पता चला कि दूल्हा पहले से शादीशुदा है, उसकी दो बीवियां और तीन बच्चे हैं। दुल्हन को यह जानकर गहरा सदमा लगा कि वह उसके साथ सिर्फ ठगी और चोरी के इरादे से आया था।
पीड़ित महिला ने रोते-बिलखते थाने पहुंचकर दूल्हे के खिलाफ केस दर्ज करवाया। उसने पुलिस को बताया कि किस तरह युवक ने सोशल मीडिया पर उसे फंसाया और फिर शादी करके उसके घर से चोरी की। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी दूल्हे की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या उसने अन्य महिलाओं को भी इसी तरह ठगा है।
Share this content:
