लखनऊ में दहेज के लिए डेंटिस्ट पति ने पत्नी की रीढ़ की हड्डी तोड़ी, तीन तलाक देकर घर से निकाला
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दहेज के लिए महिला को बर्बर प्रताड़ना देने का एक भयानक मामला सामने आया है। यहां कैम्पबेल रोड निवासी डेंटिस्ट शादाब अख्तर सिद्दीकी ने अपनी पत्नी और ससुराल वालों के साथ मिलकर उसकी जिंदगी जहन्नुम बना दी। शादी के दौरान दहेज में पांच लाख रुपए, जेवरात और अन्य सामान दिया गया था, लेकिन पति और ससुराल वाले इससे संतुष्ट नहीं थे और शादी के बाद कार की मांग करते रहे।
पीड़िता सआदतगंज थाना इलाके की रहने वाली है। शादी मार्च 2021 में हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ही वह लगातार दहेज की मांग, मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का शिकार होती रही। पति-पत्नी के बीच इस कारण तनाव बना रहा। पीड़िता ने बताया कि सास और देवर भी उसे रोजाना खराब खाना खिलाते, ताने मारते और प्रताड़ित करते थे। देवर ने कई बार अश्लील हरकतें भी कीं, जिसका विरोध करने पर वह घर छोड़कर भाग गया।
पति शादाब की पिटाई इतनी बेरहम थी कि उसकी रीढ़ की हड्डी टूट गई। इसके बाद पति ने नशे की हालत में जबरदस्ती भी की। पीड़िता ने आरोप लगाया कि तीन बार तलाक देकर वह उसे और उनकी छोटी बच्ची को घर से निकाल दिया। मायके में रहने के दौरान भी पति लगातार कार की मांग को लेकर दवाब बनाता रहा।
पीड़िता ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना समेत अन्य धाराओं में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले ने दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा की गंभीरता को फिर एक बार उजागर कर दिया है।
Share this content:
