‘मेरी पत्नी से दूर रहो’… बार-बार समझाने के बाद भी नहीं माना प्रेमी, पति ने कुल्हाड़ी से काटकर की बेरहमी से हत्या, पत्नी को लेकर हुआ फरार
झारखंड के गुमला जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसमें एक पति ने अपनी पत्नी के प्रेमी की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। यह दिल दहला देने वाली वारदात पालकोट थाना क्षेत्र के टेगरिया गांव में हुई, जहां अवैध प्रेम संबंधों से आक्रोशित पति ने अपनी पत्नी और उसके आशिक को रंगे हाथ पकड़ लिया। गुस्से में उसने प्रेमी की जान ले ली और फिर पत्नी को साथ लेकर गांव से फरार हो गया।
मृतक की पहचान गांव के ही युवक बिट्टू नायक के रूप में हुई है। जबकि आरोपी पति का नाम कुंवर नायक है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि कुंवर नायक की पत्नी और बिट्टू नायक के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, जो धीरे-धीरे पूरे गांव में चर्चा का विषय बन चुके थे। कुंवर को भी इस रिश्ते की भनक लग चुकी थी। उसने कई बार बिट्टू को चेतावनी दी थी कि वह उसकी पत्नी से दूर रहे, लेकिन बिट्टू अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कुंवर नायक जब भी घर से बाहर रहता, बिट्टू नायक उसकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर उसकी पत्नी से मिलने चला आता था। दोनों के संबंधों की चर्चा अब गांववालों के बीच भी होने लगी थी। इस बीच, एक दिन कुंवर अचानक घर लौट आया और उसने अपनी पत्नी को प्रेमी बिट्टू नायक के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। इससे वह अपना आपा खो बैठा और घर में रखी तेजधार कुल्हाड़ी से बिट्टू पर हमला कर दिया। कई वार करने के बाद बिट्टू की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी कुंवर नायक अपनी पत्नी को लेकर गांव से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पालकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में कुंवर और उसकी पत्नी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह पूरा मामला प्रेम-प्रसंग, धोखा और गुस्से की परिणति है। खास बात यह है कि हाल ही में झारखंड के खूंटी जिले में भी इसी तरह की एक घटना सामने आई थी, जहां एक महिला ने अपने पति की सौतन को देखकर गुस्से में आकर अपने ही पति की हत्या कर दी थी। गुमला की इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों, भरोसे और सामाजिक मूल्यों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Share this content:
