April 17, 2026

लखनऊ के ओशो नगर में भीषण आग, 36 झोपड़ियां राख, 20 सिलेंडर फटे, लोगों ने भागकर बचाई जान

लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र स्थित ओशो नगर में मंगलवार देर रात एक खाली प्लॉट में बनी झुग्गियों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते 36 झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। आग लगते ही झोपड़ियों में रहने वाले लोग जान बचाकर बाहर भागे, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। आग की चपेट में आकर झोपड़ियों में रखे करीब 20 गैस सिलेंडर फट गए, जिनके धमाकों से अफरा-तफरी मच गई और आग और ज्यादा भड़क उठी।

मौके पर सबसे पहले आलमबाग फायर स्टेशन की टीम पहुंची, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए सीएफओ मंगेश कुमार ने पूरे जिले के फायर स्टेशनों को अलर्ट कर दिया। करीब 15 फायर टेंडरों की मदद से सात घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग इतनी भीषण थी कि पास के दो पक्के मकान भी इसकी चपेट में आ गए और उनका भी सारा सामान जल गया।

बताया जा रहा है कि आग लगने का कारण बिजली के पोल में शॉर्ट सर्किट था। यह प्लॉट राम बाबू नामक व्यक्ति का है, जहां कई वर्षों से कूड़ा बीनने वाले परिवार झोपड़ियां बनाकर रह रहे थे। हादसे के समय अधिकतर लोग झोपड़ियों में सो रहे थे, लेकिन समय रहते जाग जाने के कारण सभी लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। धमाकों के कारण सिलेंडर के टुकड़े हवा में दूर-दूर तक जा गिरे, जिससे डर का माहौल बना रहा। राहत और बचाव कार्य के दौरान प्रशासन की ओर से मौके पर स्थिति पर लगातार निगरानी रखी गई।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!