April 17, 2026

लखनऊ में हिट एंड रन केस: बीएमडब्ल्यू से टक्कर के बाद महिला को 600 मीटर तक घसीटा, मौत, कार बरामद

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 21 अप्रैल की रात हुए हिट एंड रन केस में पुलिस ने बीएमडब्ल्यू कार को बरामद कर लिया है, हालांकि ड्राइवर अब भी फरार है। यह हादसा राजाजीपुरम एमआईएस पुलिस चौकी के पास हुआ था, जब एक बाइक सवार मां-बेटे को तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बेटा गिर गया, जबकि उसकी मां कार की चपेट में आकर लगभग 600 मीटर तक घिसटती चली गईं। इस दर्दनाक घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी।

पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान ठाकुरगंज के शेखपुर निवासी गोपाल लोधी की पत्नी 60 वर्षीय राजरानी के रूप में हुई है। वह अपने बेटे सुभाष के साथ एक शादी समारोह से लौट रही थीं। लौटते समय राजाजीपुरम एमआईएस चौकी के पास बीएमडब्ल्यू कार (नंबर एचआर 26 सीएम 3124) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सुभाष सड़क पर गिर गया जबकि राजरानी पीछे से कार में फंस गईं और करीब 600 मीटर तक कार के साथ घिसटती रहीं।

तालकटोरा इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे ने बताया कि कार को बरामद कर लिया गया है और ड्राइवर की तलाश की जा रही है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने जांच तेज कर दी है और फरार आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!