लखनऊ में थार, फॉर्च्यूनर और स्कूटी की टक्कर में 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत, थार चालक फरार
लखनऊ के कैंट इलाके में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें थार, फॉर्च्यूनर और स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार उछलकर दोनों गाड़ियों के बीच फंस गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल स्कूटी सवार को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान आशियाना निवासी 50 वर्षीय महेश सिंघानिया के रूप में हुई है, जो पेशे से मार्केटिंग का काम करते थे और रात के समय अपने घर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार गाड़ी रॉन्ग साइड से आ रही थी, जिससे यह टक्कर हुई। हादसे के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और हादसे में घायल अन्य लोगों की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है।
Share this content:
