पुलिस की तत्परता से 4 घंटे में सकुशल मिली 11 वर्षीय गुमशुदा बालिका: तीन किलोमीटर क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज से मिली मदद

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के विकासनगर थाना क्षेत्र में पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से 11 वर्षीय गुमशुदा बालिका को कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर लिया गया। बालिका के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने लखनऊ पुलिस, थाना विकासनगर पुलिस और सब्जी मंडी चौकी पुलिस की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

पुलिस के मुताबिक 23 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 5:26 बजे थाना विकासनगर के सीयूजी नंबर पर एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उनकी 11 वर्षीय साली की पुत्री, जो 22 अक्टूबर को लगभग 10 दिनों के लिए उनके साथ लखनऊ आई थी, 23 अक्टूबर को घर से बिना बताए कहीं चली गई है। शिकायतकर्ता मूल रूप से ग्राम जैतापुर, थाना बौंडी, जनपद बहराइच के निवासी हैं और वर्तमान में सबोली, थाना विकासनगर, लखनऊ में रह रहे हैं।

छह पुलिस टीमों का किया गया गठन

मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने तत्काल छह पुलिस टीमों का गठन किया। एक टीम को बालिका की भौतिक रूप से तलाश करने की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि अन्य टीमों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। बालिका की शीघ्र तलाश और सकुशल बरामदगी के लिए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

तीन किलोमीटर क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले

पुलिस टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही आसपास की गलियों, मोहल्लों, सड़कों और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया। पुलिस ने लगभग तीन किलोमीटर के क्षेत्र में लगे कैमरों की फुटेज खंगालते हुए विभिन्न संभावित स्थानों पर बालिका की तलाश की।

रात 9:30 बजे सकुशल मिली बालिका

पुलिस टीमों के त्वरित प्रयासों और लगातार तलाश के परिणामस्वरूप बालिका को उसी दिन रात करीब 9:30 बजे सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद बालिका को उनके मौसा एवं शिकायतकर्ता के सुपुर्द कर दिया गया। बालिका के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। उन्होंने लखनऊ पुलिस, थाना विकासनगर पुलिस और चौकी सब्जी मंडी पुलिस की तत्परता, सक्रियता और सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा करते हुए आभार जताया।

Share this content:

About The Author

You may have missed