लखनऊ में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई, वॉटर एंड पावर कंसल्टेंसी सर्विसेज (WAPCOS) के प्रोजेक्ट मैनेजर समेत 5 गिरफ्तार, घूसखोरी रैकेट का खुलासा
लखनऊ में सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वॉटर एंड पावर कंसल्टेंसी सर्विसेज (वाप्कोस) में चल रहे संगठित घूसखोरी रैकेट का खुलासा किया है। इस मामले में एजेंसी ने संस्थान के प्रोजेक्ट मैनेजर पंकज दुबे समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, ठेकों में कमीशन वसूली के जरिए भ्रष्टाचार का संगठित नेटवर्क चलाया जा रहा था, जिसकी लंबे समय से निगरानी की जा रही थी।
सीबीआई टीमों ने लखनऊ के आशियाना, सुशांत गोल्फ सिटी और गोमतीनगर विस्तार समेत देवरिया और भुवनेश्वर में करीब एक दर्जन ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान लगभग 10 लाख रुपये नकद और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया कि ठेके दिलाने से लेकर बिल पास कराने तक अलग-अलग स्तर पर 13 प्रतिशत तक कमीशन वसूला जाता था। टेंडर दिलाने, लेटर ऑफ अवॉर्ड जारी कराने और भुगतान पास कराने के लिए तय दरों पर रिश्वत ली जाती थी।
जांच एजेंसी के मुताबिक, ठेकेदारों से वसूली बिचौलियों के माध्यम से की जाती थी और भुगतान की व्यवस्था भी तय चैनल के जरिए कराई जाती थी। इस मामले में कई अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सीबीआई का कहना है कि पूरे नेटवर्क की भूमिका की जांच जारी है और मामले में आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।
Share this content:
