लखनऊ में इंडिगो फ्लाइट में बम की सूचना से हड़कंप, इमरजेंसी लैंडिंग; सभी यात्री सुरक्षित
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली से पश्चिम बंगाल के बागडोगरा जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6ई-6650 में बम होने की सूचना मिली। सुरक्षा कारणों से विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, सुबह 8:46 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को फ्लाइट में बम की धमकी की सूचना मिली। इसके बाद मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को लखनऊ डायवर्ट किया गया और सुबह 9:17 बजे फ्लाइट सुरक्षित रूप से उतरी। लैंडिंग के तुरंत बाद विमान को आइसोलेशन बे में पार्क किया गया।
नैपकिन पर मिला धमकी भरा संदेश
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विमान के बाथरूम में एक नैपकिन (टिशू पेपर) पर हाथ से लिखा संदेश मिला, जिसमें प्लेन में बम होने की बात लिखी थी। एक यात्री ने यह संदेश देखकर क्रू को सूचित किया, जिसके बाद पायलट और क्रू ने बिना देरी किए नजदीकी सुरक्षित एयरपोर्ट पर उतरने का निर्णय लिया।
डीसीपी साउथ का बयान
डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि फ्लाइट में कुल 222 यात्री, 8 शिशु, 2 पायलट और 5 क्रू मेंबर सवार थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां विमान की सघन जांच कर रही हैं। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, जांच जारी
विमान के उतरते ही CISF, बम निरोधक दस्ता, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंच गईं। यात्रियों की स्कैनिंग के बाद उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। केबिन, कार्गो एरिया और विमान के अन्य हिस्सों की बारीकी से तलाशी ली जा रही है।
फिलहाल यह जांच की जा रही है कि यह धमकी वास्तविक खतरा थी या किसी शरारती तत्व द्वारा फैलाई गई फर्जी सूचना। एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।
Share this content:
