कोडीन कफ सिरप सिंडिकेट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। इस कड़ी में वाराणसी की एक महिला बिल्डर को ईडी ने नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, इस महिला बिल्डर के बैंक खाते में सिंडिकेट के कथित मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल की फर्म ‘शैली ट्रेडर्स’ से करीब 22 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई थी। इस बड़े वित्तीय लेनदेन को संदिग्ध मानते हुए ईडी अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह रकम किन परिस्थितियों में और किस उद्देश्य से भेजी गई थी।
दरअसल, कोडीन कफ सिरप की अवैध सप्लाई और तस्करी से जुड़े इस पूरे नेटवर्क का खुलासा उत्तर प्रदेश एसटीएफ की कार्रवाई के बाद हुआ था। एसटीएफ ने इस मामले में शुभम जायसवाल, आलोक सिंह, अमित सिंह टाटा और विभोर राणा को मुख्य आरोपी बनाते हुए एफआईआर दर्ज की थी। एफआईआर दर्ज होने के बाद ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग निरोधक कानून के तहत जांच शुरू की और आरोपियों के बैंक खातों, कंपनियों और लेनदेन की गहन पड़ताल की जा रही है।
ईडी की जांच में सामने आया कि शुभम जायसवाल की फर्म से कई बार बड़ी-बड़ी रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर की गई। इसी क्रम में वाराणसी की महिला बिल्डर के खाते में 22 करोड़ रुपये पहुंचने की जानकारी मिली, जिसके बाद एजेंसी ने उन्हें नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। ईडी यह जानने की कोशिश कर रही है कि यह राशि किसी वैध व्यावसायिक लेनदेन का हिस्सा थी या फिर कफ सिरप सिंडिकेट से अर्जित अवैध कमाई को खपाने का जरिया।
इससे पहले ईडी आलोक सिंह और अमित टाटा से तीन बार पूछताछ कर चुकी है। इन पूछताछों में एजेंसी को कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर पूरे नेटवर्क की परतें धीरे-धीरे खुल रही हैं। जांच एजेंसी का फोकस अब उन सभी लोगों और संस्थाओं पर है, जिनके खातों में संदिग्ध तरीके से बड़ी रकम ट्रांसफर की गई है।
वहीं, इस मामले में आर्पिक फार्मा के संचालक मनोहर लाल जायसवाल और उनकी पत्नी को लेकर भी ईडी सख्त रुख अपनाए हुए है। दोनों को अब तक दो बार नोटिस भेजा जा चुका है, लेकिन वे पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए हैं। ईडी सूत्रों के अनुसार, एजेंसी अगले सप्ताह उन्हें तीसरी बार नोटिस भेजने की तैयारी में है। जांच एजेंसियां यह साफ करना चाहती हैं कि कोडीन कफ सिरप सिंडिकेट के जरिए अर्जित की गई रकम किन-किन रास्तों से घूमकर किन लोगों तक पहुंची और इसमें किस-किस की भूमिका रही।
Share this content:
