April 30, 2026

लखनऊ: पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी ड्रग तस्कर घायल, दो गिरफ्तार

लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और ड्रग तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी तस्कर पंकज त्रिपाठी गोली लगने से घायल हो गया। लंबे समय से कौशांबी से लखनऊ तक गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की सप्लाई में सक्रिय पंकज की गतिविधियों पर एएनटीएफ और लखनऊ पुलिस की नजर थी। इसकी लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद उसे पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था।

 

रविवार रात करीब 2:30 बजे कनकहा चौकी के पास पुलिस को सूचना मिली कि कौशांबी जिले के थाना सैनी में एनडीपीएस केस में वांछित पंकज अपने साथी के साथ इलाके में मौजूद है। सूचना पर सक्रिय हुई टीम जेबरौली गांव के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान दो बाइक सवार संदिग्ध युवक वहां से गुजरते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने पीछा शुरू किया।

 

पीछा के दौरान एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इसी दौरान पंकज त्रिपाठी के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह बाइक से गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से पंकज और उसके साथी नरेंद्र त्रिपाठी को पकड़ लिया। दोनों आरोपी कौशांबी जिले के निवासी हैं और मिलकर ड्रग्स की सप्लाई नेटवर्क को संचालित करते थे। पुलिस ने घायल पंकज को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!