April 30, 2026

मुंबई: लिस्टिंग से पहले ही मीशो IPO का धमाका—79 गुना सब्सक्रिप्शन और ग्रे मार्केट में तगड़ा प्रीमियम

ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी मीशो का आईपीओ बाजार में आते ही जबरदस्त सफलता के संकेत दे रहा है। लिस्टिंग 10 दिसंबर को होनी है, लेकिन इससे पहले ही ग्रे मार्केट में इसका प्रीमियम 40-41 रुपये तक पहुंच गया है। यह इश्यू प्राइस से करीब 36 प्रतिशत ज्यादा है, जो बताता है कि निवेशकों में मीशो को लेकर कितना उत्साह है। आईपीओ 3 दिसंबर को खुला था और 5 दिसंबर को बंद हुआ, जबकि अलॉटमेंट 8 दिसंबर को फाइनल होने की उम्मीद है। इसके बाद 9 दिसंबर को निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे।

मीशो के IPO की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसे कुल 79.03 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। 5,421 करोड़ रुपये के इस इश्यू में 4,250 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 10.55 करोड़ शेयरों का शेयर बिक्री ऑफर शामिल था। ऑफर साइज 27.79 करोड़ शेयरों का था, जबकि इसके मुकाबले 2,197 करोड़ शेयरों के लिए बोली लगी। यानी निवेशकों की ओर से जबरदस्त रेस्पॉन्स मिला।

सबसे ज्यादा दिलचस्प आंकड़ा इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स के सब्सक्रिप्शन का है, जहां कोटा 120.18 गुना भर गया। नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों का हिस्सा 38.16 गुना भरा, जबकि रिटेल निवेशकों को 19.08 गुना से बोली मिली। इन आंकड़ों से साफ है कि छोटे और बड़े दोनों तरह के निवेशक मीशो के बिजनेस मॉडल और ग्रोथ को लेकर काफी भरोसे में हैं।

GMP यानी ग्रे मार्केट प्रीमियम इस बात का संकेत देता है कि लिस्टिंग के दिन शेयर किस अंदाज में खुल सकता है। हालांकि GMP पूरी तरह भरोसेमंद नहीं माना जाता, लेकिन अनऑफिशियल मार्केट में खरीदी-बिक्री के आधार पर यह पता चलता है कि निवेशक कितना रिटर्न मिलने की उम्मीद कर रहे हैं। 135 शेयरों के एक लॉट की कीमत 14,985 रुपये थी और GMP प्रीमियम इससे अच्छी कमाई का संकेत देता है।

वैल्यूएशन की बात करें तो मीशो की प्राइसिंग कंपनी के मार्केट कैप और सेल्स रेशियो के मुताबिक लगभग 5.3x रही। कंपनी का मॉडल एसेट-लाइट बताया गया है, जिसे मजबूत लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन मैनेजमेंट का सपोर्ट मिला है। छोटे और मध्यम स्तर के विक्रेताओं को जोड़ने वाले ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के रूप में मीशो ने टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी अपनी पकड़ मजबूत की है। यह वजह है कि इसे भारत की तेजी से बढ़ती ई-कॉमर्स कंपनियों में गिना जा रहा है।

लिस्टिंग से पहले ही मिले शानदार रेस्पॉन्स और ग्रे मार्केट प्रीमियम से निवेशकों में उत्साह की लहर है। अब नज़रें 10 दिसंबर की लिस्टिंग पर टिक गई हैं, जहां यह देखने लायक होगा कि मीशो बाजार की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!