लखनऊ: पत्रकार पर जानलेवा हमले की कोशिश, पुलिस ने 70 CCTV फुटेज खंगालकर 5 आरोपी दबोचे
लखनऊ में पत्रकार पर जानलेवा हमला करने की कोशिश के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में हुई थी, जहां पत्रकार मुकेश द्विवेदी और उनके साथी की कार को तीन अन्य गाड़ियों ने टक्कर मारने, पीछा करने और फायरिंग करने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिंद्रा थार, टाटा सफारी और सेलेरियो कार भी जब्त की हैं। सभी के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पीड़ित मुकेश द्विवेदी ने बताया कि वह गुरुवार शाम अपने साथी के साथ सर्विस सेंटर से लौट रहे थे, तभी बीसीसी हाइट्स के पास तीन कार सवार युवकों ने उनकी स्कॉर्पियो को जानबूझकर टक्कर मारने की कोशिश की। आरोपियों ने पीछा करते हुए हवाई फायरिंग की, गाली-गलौज किया और जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी। हमले के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।
मामले की जांच के लिए पुलिस ने पीजीआई से लेकर घटना स्थल तक लगे करीब 60–70 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इन फुटेज से तीनों गाड़ियों और सभी आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने पांचों आरोपियों—हरिनाम उर्फ राहुल, चंदन भट्ट, अमित मिश्रा, विनीत तिवारी और अभिषेक तिवारी—को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि अभिषेक तिवारी इस हमले का मुख्य साजिशकर्ता है, जो इलाके का क्षेत्रीय नेता है। पीड़ित से उसकी पुरानी रंजिश थी और इसी वजह से उसने योजनाबद्ध तरीके से हमला करवाया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामला तुरंत सुलझ गया, जबकि घटना के बाद लग्जरी गाड़ियों में सवार हमलावरों की फायरिंग से इलाके में काफी अफरा-तफरी मच गई थी।
Share this content:
