नवाबगंज में RHRP की संगठनात्मक बैठक सम्पन्न, नए पदाधिकारियों को सौंपी गई बड़ी जिम्मेदारी, सामाजिक समरसता महायज्ञ को लेकर बनी रणनीति
बहराइच। राष्ट्रीय हिन्दू रक्षा परिषद् की नवाबगंज प्रखंड इकाई की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक 25 नवंबर को विधि-विधान एवं उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता परिषद् के प्रांत अध्यक्ष शशि भूषण सनातनी ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश सनातनी उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष (समरसता प्रकोष्ठ) गोरख नाथ सनातनी ने सहभागिता की। बैठक में जिला अध्यक्ष अमर नाथ सनातनी, जिला मीडिया प्रभारी एवं नवाबगंज के पालक उत्तम सनातनी तथा जिला उपाध्यक्ष (समरसता प्रकोष्ठ) संदीप सनातनी की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक का संचालन जिला मीडिया प्रभारी उत्तम सनातनी ने किया।
नवाबगंज प्रखंड में नए पदाधिकारियों की हुई नियुक्ति
बैठक के दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा प्रखंड में संगठनात्मक गतिविधियों के विस्तार के उद्देश्य से विभिन्न पदों पर नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसमें ओम प्रकाश सनातनी को प्रखंड संरक्षक, उमेश सनातनी को प्रखंड कार्याध्यक्ष, प्रकाश सनातनी को प्रखंड संयोजक (युवा प्रकोष्ठ) अखिलेश सनातनी को प्रखंड सहमंत्री, संदीप सनातनी को सह संयोजक (युवा प्रकोष्ठ) तथा राम निवास सनातनी को प्रखंड उपाध्यक्ष (व्यापार प्रकोष्ठ) नियुक्त किया गया। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने की अपेक्षा जताई।
संगठन के विस्तार और उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश सनातनी ने संगठन के उद्देश्यों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने अधिक से अधिक सनातनी बंधुओं को संगठन से जोड़कर संगठनात्मक गतिविधियों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने पर जोर दिया। वहीं प्रांत अध्यक्ष शशि भूषण सनातनी ने संगठन के मूल उद्देश्यों, आगामी कार्ययोजना एवं संगठनात्मक विस्तार की रणनीति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, एकजुटता और सक्रिय सहभागिता के साथ संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।
लखनऊ में 24 जनवरी 2027 को होगा सामाजिक समरसता महायज्ञ
इस खास बैठक का प्रमुख केंद्र 24 जनवरी 2027 को राजधानी लखनऊ में प्रस्तावित दिव्य एवं भव्य सामाजिक समरसता महायज्ञ रहा। इस आयोजन के अंतर्गत यज्ञोपवीत एवं शिखा पूजन संस्कार का भी आयोजन प्रस्तावित है। बैठक में इस महायज्ञ को ऐतिहासिक और व्यापक स्वरूप प्रदान करने के लिए 20 हजार सनातनियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया। इसी क्रम में नवाबगंज प्रखंड से भी बड़ी संख्या में सनातनी बंधुओं को लखनऊ पहुंचकर आयोजन में शामिल कराने का संकल्प लिया गया।
कार्यकर्ताओं ने लिया आयोजन को सफल बनाने का संकल्प
इस दौरान वहां मौजूद सभी हिंदू स्वजनों एवं संगठन के कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में 24 जनवरी 2027 को लखनऊ पहुंचकर सामाजिक समरसता महायज्ञ में सहभागिता करने तथा आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक के समापन पर नवनियुक्त सभी पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही उम्मीद जताई गई कि नई जिम्मेदारियों के माध्यम से संगठन को नई ऊर्जा, मजबूती और व्यापक विस्तार मिलेगा। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर उत्साह और एकजुटता का माहौल देखने को मिला।
Share this content:
