विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने पहलगाम आतंकी हमले पर जताया दुख, की न्याय की मांग
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से पूरे देश में गुस्सा है। इस हमले में 26 निर्दोष लोगों की मौत हो गई, जिससे लोगों के साथ-साथ देश के नामचीन चेहरों ने भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इस हमले पर दुख जताते हुए लिखा कि वह इस भयावह हमले में मारे गए निर्दोष लोगों की मौत से बेहद दुखी हैं। उन्होंने पीड़ितों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस अमानवीय कृत्य के लिए न्याय अवश्य मिलना चाहिए।
वहीं, बॉलीवुड अभिनेत्री और विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने लिखा कि कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की खबर से उनका दिल टूट गया है। अनुष्का ने कहा कि जिन परिवारों ने इस हमले में अपनों को खोया है, उनके साथ मेरी पूरी संवेदना है। उन्होंने इस घटना को जघन्य अपराध करार दिया जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
पहलगाम हमले के बाद सोशल मीडिया पर लोग लगातार अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। इस हमले को लेकर सड़क से लेकर संसद तक चर्चा हो रही है। शुरुआती जांच के आधार पर सूत्रों ने संकेत दिए हैं कि इस हमले का कनेक्शन पाकिस्तान से हो सकता है, जिससे मामले की गंभीरता और भी बढ़ गई है। अब आमजन के साथ-साथ देश की जानी-मानी हस्तियां भी इस हमले के खिलाफ एकजुट होकर न्याय की मांग कर रही हैं।
Share this content:
