पहलगाम आतंकी हमले पर बोले सलमान और शाहरुख, कहा- ‘निर्दोष की हत्या पूरी कायनात की हत्या के बराबर’
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को गहरे शोक में डुबो दिया है। इस हमले में अब तक 28 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हैं। देश के नागरिकों के साथ-साथ बॉलीवुड सितारे भी इस भयावह घटना को लेकर भावुक और आक्रोशित हैं। शाहरुख खान और सलमान खान दोनों ने सोशल मीडिया पर हमले की कड़ी निंदा करते हुए अपनी भावनाएं साझा कीं। सलमान खान ने एक्स पर लिखा, “कश्मीर, जिसे जन्नत कहा जाता है, वो नर्क में बदलता जा रहा है। निर्दोष लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवारों के साथ हैं। एक भी निर्दोष को मारना पूरी कायनात को मारने के बराबर है।”
शाहरुख खान ने भी इस आतंकी घटना को ‘जघन्य अपराध’ बताया और लिखा, “पहलगाम में हुई हिंसा और अमानवीय कृत्य से दुखी हूं और मेरे लिए अपने गुस्से को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। हम एक राष्ट्र के तौर पर एकजुट हों, मजबूत बनें और इस जघन्य अपराध के खिलाफ इंसाफ पाएं।”
वहीं, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 2-2 लाख और मामूली घायलों को 1 लाख रुपये देने की घोषणा की है। पूरा देश इस समय शोक और आक्रोश के माहौल में है और हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।
Share this content:
