हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस टूर्नामेंट में पाकिस्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुवैत को रोमांचक मुकाबले में मात दी. कुवैत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 123 रन बनाए थे, लेकिन पाकिस्तान ने 36 गेंदों में 124 रन का लक्ष्य चेज़ कर सबको चौंका दिया. इस जीत के हीरो कप्तान अब्बास अफरीदी रहे, जिन्होंने सिर्फ 12 गेंदों में नाबाद 55 रन ठोक दिए. उन्होंने एक ही ओवर में 6 गेंदों पर 6 छक्के जड़कर इतिहास रच दिया.
टूर्नामेंट के नियमों के मुताबिक, अर्धशतक पूरा करने के बाद खिलाड़ी को ‘रिटायर्ड हर्ट’ घोषित कर मैदान छोड़ना होता है. ऐसे में अफरीदी के आउट होने के बाद पाकिस्तान मुश्किल में दिख रहा था, लेकिन शाहिद अजीज ने कमाल कर दिया. उन्होंने 5 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाकर पाकिस्तान को आखिरी गेंद पर जीत दिलाई. कुवैत के कप्तान यासीन पटेल ने 2 ओवर में 55 रन लुटाए, जबकि अदनान इद्रीस ने आखिरी ओवर में 29 रन देकर मैच हाथ से निकल जाने दिया.
अब्बास अफरीदी ने यासीन पटेल के ओवर में लगातार 6 छक्के लगाते हुए मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया. उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट्स खेले — लॉन्ग ऑन, मिड विकेट और फाइन लेग पर लगातर बम बरसाए. अब क्रिकेट फैंस की नजरें 7 नवंबर को होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर हैं, जहां भारत की कप्तानी दिनेश कार्तिक के पास होगी.
Share this content:
