KING: शाहरुख खान का धांसू लुक लीक, अभिषेक बच्चन बने विलेन, सुहाना का डेब्यू लुक भी वायरल
बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान इन दिनों अपनी फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। बेटे आर्यन खान की डेब्यू सीरीज बैड्स ऑफ बॉलीवुड की स्ट्रीमिंग के बाद शाहरुख काम पर लौट चुके हैं। फिल्म की पूरी टीम इस वक्त पोलैंड में शूट कर रही है, जहां बीते दिनों दीपिका पादुकोण भी टीम को ज्वाइन करती नजर आई थीं। लेकिन शूट शुरू होते ही शाहरुख खान का नया लुक लीक हो गया है, जिसने फैंस के बीच तहलका मचा दिया है। सोशल मीडिया पर यह तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं।
एक फैन पेज पर शेयर हुई तस्वीरों में शाहरुख खान बेहद स्टाइलिश अंदाज में नजर आ रहे हैं। उन्होंने व्हाइट शर्ट पहनी है जिसके बटन खुले हुए हैं, साथ ही बॉडी पर टैटू बने हुए हैं। सबसे खास बात यह है कि उनकी बॉडी पर ‘किंग’ लिखा दिखाई दे रहा है। उनका सॉल्ट एंड पेपर लुक पहले की फिल्मों से काफी अलग और नया है। ब्लैक हैट लगाए हुए शाहरुख का एंट्री शॉट पूरी तरह स्वैग से भरा हुआ लग रहा है। यह लुक बताता है कि फिल्म में उनका किरदार बेहद पावरफुल और दमदार होने वाला है।
शाहरुख खान के लुक के अलावा फिल्म से जुड़ी एक और बड़ी चर्चा सुहाना खान को लेकर है। इस फिल्म के जरिए वह थिएट्रिकल डेब्यू करने जा रही हैं। उनकी वायरल तस्वीर में वो ब्राउन टॉप और क्रीम पैंट पहने नजर आईं। उनका हेयरस्टाइल और मेकअप बेहद सिंपल लेकिन आकर्षक लग रहा है। बताया जा रहा है कि फिल्म में उन्होंने पिता शाहरुख और दीपिका पादुकोण के साथ हाई ऑक्टेन सीन शूट किया है। इससे साफ है कि सुहाना को भी फिल्म में एक अहम रोल दिया गया है।
वहीं, अभिषेक बच्चन की एंट्री ने फिल्म को और भी दिलचस्प बना दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में वे मेन विलेन की भूमिका निभा रहे हैं। उनकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिसमें वे कोट-पैंट और नए हेयरस्टाइल के साथ नजर आ रहे हैं। सफेद दाढ़ी और कूल लुक में अभिषेक बिल्कुल अलग अंदाज में दिख रहे हैं। कहा जा रहा है कि फिल्म में उनका किरदार शाहरुख खान को कड़ी टक्कर देगा और यही विलेन-हीरो की जंग फिल्म की सबसे बड़ी हाईलाइट होगी।
इसके अलावा खबर है कि अभिनेता अक्षय ओबेरॉय भी इस फिल्म का हिस्सा बन सकते हैं। सोशल मीडिया पर आए उनके वीडियो में वही लोकेशन नजर आई है, जहां शाहरुख और सुहाना शूट कर रहे थे। हालांकि मेकर्स की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन यह साफ हो गया है कि ‘किंग’ एक मल्टीस्टारर फिल्म होगी, जिसमें स्टार कास्ट और भव्य प्रोडक्शन वैल्यू के दम पर दर्शकों को जबरदस्त सिनेमाई अनुभव मिलेगा।
Share this content:
