‘तुम्हारी किडनी में पथरी है…’ सुनते ही डिप्रेशन में गई किशोरी, इलाज न होने पर फांसी लगाकर दी जान
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर ज़िले से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां गरीबी और बीमारी ने मिलकर एक मासूम ज़िंदगी लील ली। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के डोहरिया बुजुर्ग गांव की रहने वाली 15 वर्षीय जानकी ने शनिवार को आम के बाग में पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के मुताबिक जानकी किडनी में पथरी की बीमारी से जूझ रही थी और लंबे समय से दर्द में थी। डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी थी, लेकिन उसके पिता आर्थिक तंगी के कारण इलाज का खर्च नहीं जुटा पा रहे थे। लगातार दर्द और इलाज न मिल पाने की मायूसी ने जानकी को मानसिक रूप से तोड़ दिया था।
शनिवार शाम को वह अकेले आम के बाग में गई और पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जब गांववालों ने उसे देखा तो शोर मचाया गया, जिसके बाद पिता भी मौके पर पहुंचे और बेटी की हालत देखकर फूट-फूटकर रो पड़े।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। गांव में इस घटना के बाद शोक और आक्रोश का माहौल है। यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि जब इलाज आम आदमी की पहुंच से बाहर हो जाए, तो गरीब किस दरवाज़े पर जाए?
Share this content:
