केरल: हनीट्रैप में फंसाकर कपल ने युवकों को बनाया दरिंदगी का शिकार, नाखून उखाड़े और प्राइवेट पार्ट में घोंपी स्टेपलर पिन
केरल के पठानमथिट्टा जिले से एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। यहां एक कपल ने दो युवकों को हनीट्रैप के जाल में फंसाकर न केवल उनसे लूटपाट की बल्कि उन्हें इतनी क्रूर यातनाएं दीं कि सुनने वालों की रूह कांप उठी। पुलिस ने इस खौफनाक वारदात के बाद आरोपी कपल को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कपल ने दोनों पीड़ितों से आईफोन और नकदी लूटी और फिर उन्हें यातना देने का सिलसिला शुरू किया।
पहली घटना 1 सितंबर को सामने आई, जब अलप्पुझा के एक युवक को महिला ने प्रेम के बहाने घर बुलाया। घर पहुंचते ही आरोपी युवक ने पीड़ित को अपनी पत्नी के साथ रोमांस का नाटक करने के लिए मजबूर किया और उसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया। इसके बाद पीड़ित को बंधक बनाकर पहले पेपर स्प्रे से हमला किया गया और फिर उसके प्राइवेट पार्ट में करीब 26 स्टेपलर पिन घोंप दिए गए। यही नहीं, उसके नाखून उखाड़े गए, पूरे शरीर पर तार से पिटाई की गई और घावों पर मिर्च पाउडर छिड़क दिया गया। हालत बिगड़ने पर उसे बेहोशी की अवस्था में सुनसान सड़क पर फेंक दिया गया, जहां से स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
दूसरी घटना में भी कपल ने एक युवक को इसी तरह फंसाया। बेंगलुरु में काम करने वाला युवक थिरुवल्ला बुलाया गया और वहां से घर ले जाकर बंधक बनाया गया। पीड़ित पर न सिर्फ बेरहमी से हमला किया गया, बल्कि उसकी एक आंख की रोशनी आंशिक रूप से चली गई और पसलियां टूट गईं। कपल ने उस पर भी स्टेपलर पिन ठोककर गंभीर चोटें पहुंचाईं। इसके बाद युवक से उसका आईफोन और नकदी छीन ली गई। दोनों मामलों में युवकों को मानसिक और शारीरिक रूप से इतना प्रताड़ित किया गया कि उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
पुलिस ने बताया कि यह पूरा मामला सिर्फ लूटपाट तक सीमित नहीं हो सकता, बल्कि इसमें अंधविश्वास और जादू-टोने का एंगल भी शामिल हो सकता है। पीड़ितों के बयान से यह भी सामने आया कि आरोपी कपल किसी आत्मा या तंत्र-मंत्र के प्रभाव में लग रहे थे। कपल ने पीड़ितों पर क्रूरता के दौरान ऐसी हरकतें कीं जो किसी तांत्रिक अनुष्ठान जैसी लग रही थीं। इस बात की पुष्टि के लिए पुलिस ने उनके मानसिक स्वास्थ्य की भी जांच कराने का निर्णय लिया है।
फिलहाल, आरोपी कपल पुलिस की गिरफ्त में है और उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। स्थानीय लोग इसे सुनकर स्तब्ध हैं कि कोई इंसान इतनी हैवानियत कर सकता है। पुलिस की विशेष टीम अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर यह महज हनीट्रैप और लूट की वारदात थी या फिर किसी बड़े अंधविश्वास और मानसिक विक्षिप्तता से जुड़ा मामला।
Share this content:
