कासगंज: अंडरवियर में घुसा चोर, लोहे की रॉड से तोड़ी दराज, 8 लाख रुपये ले उड़ा – CCTV में कैद हुई वारदात

उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में चोरी की एक बेहद अजीब और हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां आधी रात को एक चोर सिर्फ अंडरवियर पहने हुए एक हॉलसेल व्यापारी की दुकान में घुसा और वहां से आठ लाख रुपये की नगदी लेकर फरार हो गया। चोरी की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है।

घटना कासगंज की ठंडी सड़क इलाके की है, जहां मोहल्ला नवाब बड्डूनगर निवासी मोहम्मद हारून की बैटरी-इन्वर्टर की थोक दुकान है। जब हारून ने सुबह दुकान खोली तो देखा कि दुकान का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। उन्होंने जब काउंटर की दराज चेक की तो पाया कि उसमें रखे आठ लाख रुपये गायब हैं। घबराकर उन्होंने तुरंत सीसीटीवी फुटेज चेक की, तो चौंकाने वाला सच सामने आया।

फुटेज में दिखाई दिया कि एक युवक केवल अंडरवियर पहने हुए छत की सीढ़ियों से नीचे दुकान में दाखिल होता है। उसके हाथ में एक लोहे की रॉड होती है, जिससे वह काउंटर की निचली दराज का लॉक तोड़ता है। दराज से उसने नोटों के बंडल निकाले और अन्य दराजों को भी चेक किया। बिना किसी जल्दबाजी के वह दो मिनट से अधिक समय तक दुकान में रहा और फिर पैसों के साथ छत के रास्ते से ही फरार हो गया। खास बात यह रही कि चोर ने अपने चेहरे पर कोई नकाब तक नहीं लगाया था।

इस घटना के बाद इलाके में ‘कच्छा-बनियान गैंग’ की दहशत फिर से लौट आई है। यह वही तरीका है जिससे पहले भी उत्तर भारत के कई शहरों में चोरी की वारदातें होती रही हैं। चोरों का यह गिरोह अक्सर इसी अंदाज में वारदात को अंजाम देता है ताकि उनकी पहचान न हो सके और वे पुलिस को चकमा दे सकें।

फिलहाल पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की कोशिश की जा रही है। खुद एसपी ने घटनास्थल का मुआयना किया है और त्वरित जांच का आश्वासन दिया है। शहर के व्यापारियों में इस घटना को लेकर नाराजगी और डर का माहौल है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने और जल्द खुलासा करने की मांग की है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!