कानपुर में युवक ने खुद के सिर में ठोंकी कील, साइकोसिस के लक्षणों से जूझ रहा मानसिक रोगी
उत्तर प्रदेश के कानपुर में सामने आई एक चौंकाने वाली घटना में फतेहपुर निवासी 21 वर्षीय युवक विजय ने खुद ही अपने सिर में चार इंच की कील ठोक ली। डॉक्टरों ने उसे गंभीर हालत में भर्ती कर सर्जरी के जरिए उसकी जान बचाई, लेकिन होश में आने के बाद से विजय अजीबोगरीब बातें कर रहा है। वह लगातार कहता है कि उसके कानों में कोई बार-बार कुछ बोलता है और उसी ने सिर में कील ठोकने के लिए कहा।
विजय को कानपुर के हैलट पीजीआई के न्यूरो विभाग में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, कील सिर की त्वचा, खोपड़ी की हड्डी और दिमाग की तीन सुरक्षा परतों को पार कर नसों तक पहुंच गई थी। सर्जरी के दौरान डॉक्टरों को सिर का ऊपरी हिस्सा ड्रिल से काटना पड़ा और नसों के बीच से सावधानी से कील निकालनी पड़ी। फिलहाल उसकी हालत में सुधार हो रहा है।
मनोचिकित्सकों का कहना है कि यह साइकोसिस का गंभीर मामला है, जो अत्यधिक नशे और मानसिक तनाव की वजह से होता है। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के मनोरोग विभागाध्यक्ष डॉ. धनंजय चौधरी ने बताया कि साइकोसिस में मरीज यथार्थ और भ्रम में फर्क नहीं कर पाता और उसके व्यवहार में असामान्यता आने लगती है। कई बार मरीजों को कानों में आवाजें आने लगती हैं, जैसी शिकायत विजय भी कर रहा है।
विजय के पिता घूरे ने बताया कि वह पहले दिल्ली में मजदूरी करता था, लेकिन नशे की लत लगने के बाद करीब ढाई महीने पहले घर लौट आया था। जब उसके सिर में कील ठोंकने के बाद मिर्गी के दौरे आने लगे, तब परिवारजन उसे इलाज के लिए हैलट लेकर आए और मामला सामने आया। फिलहाल विजय की मानसिक हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
Share this content:
