May 1, 2026

चलती पैलेस क्वीन हमसफर एक्सप्रेस के इंजन में लगी आग, लोको पायलट की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

कर्नाटक के चन्नपट्टना के पास उस समय हड़कंप मच गया जब पैलेस क्वीन हमसफर एक्सप्रेस के इंजन में अचानक आग लग गई। यह हादसा गुरुवार सुबह करीब 11:45 बजे हुआ, जब मैसूरु से उदयपुर जा रही यह ट्रेन तेज रफ्तार से ट्रैक पर दौड़ रही थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इंजन में तकनीकी खराबी के चलते आग भड़की, लेकिन लोको पायलट की सतर्कता ने एक बड़ा हादसा टाल दिया।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि ट्रेन एक घर के सामने से गुजर रही है और उसी दौरान इंजन से आग की लपटें उठ रही हैं। पहले ड्राइवर को इस आग का अंदेशा नहीं हुआ और ट्रेन कुछ देर तक जलते इंजन के साथ चलती रही। लेकिन जैसे ही लोको पायलट को चिंगारी दिखाई दी, उन्होंने तुरंत ब्रेक लगाया और कंट्रोल रूम को सूचित किया।

आपातकालीन सेवाएं सक्रिय हुईं और कुछ ही मिनटों में दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेलवे अधिकारियों के सहयोग से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, कोई हताहत नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित हैं। आग बुझाने के बाद ट्रेन में एक वैकल्पिक इंजन लगाया गया और कुछ देर की देरी के बाद ट्रेन ने फिर से अपनी यात्रा शुरू की।

रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, यह हादसा मामूली था और समय रहते सभी आवश्यक कदम उठाए गए।

राजस्थान से कर्नाटक तक चलती है यह विशेष ट्रेन
पैलेस क्वीन हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन राजस्थान के उदयपुर और कर्नाटक के मैसूर के बीच चलती है। ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित होती है और यह मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के कई स्टेशनों पर रुकती है। इसका ट्रेन नंबर 19667/19668 है और यह उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय रोहिल्ला राजस्थान हमसफर एक्सप्रेस के रेक को साझा करती है।

इस हादसे के बाद से रेलवे ने इंजन की तकनीकी जांच के आदेश दे दिए हैं और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की बात कही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!