कपिल शर्मा के शो की नई टीम तैयार! सुनील ग्रोवर से कीकू शारदा तक, इन 6 धुरंधरों के कंधों पर टिकी है ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ सीजन 3 की जिम्मेदारी
21 जून से कपिल शर्मा का चर्चित कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ तीसरे सीज़न के साथ नेटफ्लिक्स पर वापसी कर रहा है। इस बार शो के पहले एपिसोड में सुपरस्टार सलमान खान मेहमान बनकर नज़र आएंगे। शो को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह है और इस बार इसकी टीम में कुछ पुराने चेहरे फिर से लौटे हैं तो कुछ खास बदलाव भी देखने को मिलेंगे। लेकिन सबसे बड़ी बात यह है कि इस बार भी शो की बागडोर जिन 6 मजबूत कलाकारों के कंधों पर टिकी है, वही इसकी कामयाबी की कुंजी बनेंगे।
शो का चेहरा कपिल शर्मा इस बार पहले से ज्यादा फिट और एनर्जेटिक लुक में नजर आएंगे। वह हमेशा की तरह अपने खास अंदाज़ में मेहमानों से मजेदार सवाल-जवाब करेंगे और अपनी गायिकी से भी लोगों का दिल जीतेंगे। उनके साथ इस बार फिर जुड़ रहे हैं सुनील ग्रोवर, जो लंबे समय बाद कपिल के शो में वापसी कर रहे हैं। सुनील अपने अलग-अलग किरदारों के लिए जाने जाते हैं और शो में सलमान खान की नकल करते हुए सबको हंसाने वाले हैं।
कई सालों बाद नवजोत सिंह सिद्धू भी इस शो में वापसी कर रहे हैं। वे अर्चना पूरन सिंह के साथ मिलकर स्पेशल गेस्ट के रूप में दिखाई देंगे। दोनों की आपसी नोकझोंक, शायरी और हास्य टिप्पणियाँ शो को नया रंग देंगी। अर्चना हमेशा की तरह शो की जज की कुर्सी संभालेंगी और अपनी दिल खोलकर हँसी से माहौल को खुशनुमा बनाएंगी।
कृष्णा अभिषेक भी टीम का अहम हिस्सा होंगे। वे अपनी मिमिक्री, खासकर शाहरुख खान की नकल और मजेदार महिला किरदारों से फिर से सबको गुदगुदाने को तैयार हैं। वहीं कीकू शारदा अपनी अनोखी तुकबंदी और अजीबोगरीब किरदारों से दर्शकों को फिर से हँसाने का वादा करते हैं।
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का यह तीसरा सीज़न 21 जून को रात 8 बजे नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होगा और शो के इस मजबूत कॉमेडी ब्रिगेड से दर्शकों को एक बार फिर दिल खोलकर हँसने की उम्मीद है।
Share this content:
