International Yoga Day 2025: “बूढ़ा नहीं, जवान हो गया हूं…” धर्मेंद्र ने बताया योग से कैसे बदल जाती है ज़िंदगी
21 जून को पूरी दुनिया इंटरनेशनल योगा डे मना रही है। इस खास मौके पर देशभर में योग से जुड़े कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं और फिल्मी सितारे भी लोगों को योग के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इसी कड़ी में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने भी योग को लेकर अपनी राय साझा की और बताया कि कैसे योग जीवन को बदल सकता है।
धर्मेंद्र का कहना है कि योग को जीवन का हिस्सा बना लेने से न सिर्फ शरीर बेहतर होता है, बल्कि मन भी शांत रहता है। एक वीडियो में धर्मेंद्र कहते हैं कि वे भी नियमित रूप से योग करते हैं और इससे उन्हें बहुत लाभ मिलता है। लोग उन्हें बूढ़ा कहते हैं, लेकिन वे खुद को पहले से ज्यादा जवान महसूस करते हैं।
धर्मेंद्र ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने योग को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई। उन्होंने याद दिलाया कि कुछ विदेशी देश योग को पेटेंट कराना चाहते थे, लेकिन भारत ने ऐसा होने नहीं दिया। यह हमारी सदियों पुरानी सभ्यता और परंपरा का हिस्सा है, जिसे आज भी दुनिया भर में अपनाया जा रहा है।
अपने अनुभव साझा करते हुए धर्मेंद्र कहते हैं, “हेल्थ इज वेल्थ तो है ही, लेकिन योग उस हेल्थ तक पहुंचने का रास्ता है। यदि मन और शरीर एक साथ चलें, तो मेहनत और नेकी से कोई भी मंज़िल हासिल की जा सकती है।”
बातचीत के दौरान धर्मेंद्र ने अपने करियर और प्रेरणा स्त्रोत दिलीप कुमार को भी याद किया। उन्होंने बताया कि कैसे उनका सपना था कि वो भी एक दिन दिलीप साहब जैसे बनें। बचपन में वो आईने में खुद को देखकर सोचा करते थे कि क्या कभी वे भी वैसा मुकाम हासिल कर पाएंगे।
योग दिवस पर धर्मेंद्र का यह संदेश दर्शकों को न केवल स्वास्थ्य के प्रति सजग करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि आत्मविश्वास और अनुशासन से उम्र महज एक संख्या बनकर रह जाती है।
Share this content:
