साउथ सुपरस्टार और डायरेक्टर ऋषभ शेट्टी की फिल्म कांतारा चैप्टर 1 ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। फिल्म को रिलीज हुए 16 दिन हो चुके हैं और यह 725 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही यह फिल्म 1000 करोड़ के आंकड़े को पार कर सकती है, जिससे यह साल 2025 की पहली 1000 करोड़ी फिल्म बन जाएगी। हालांकि, फिल्म की सफलता के बीच ऋषभ शेट्टी एक गंभीर वजह से मायूस हैं।
दरअसल, फिल्म में दिखाए गए दैव (देवता) पात्र को लेकर सोशल मीडिया पर भारी ट्रेंड चल रहा है। लोग दैव के किरदार की नकल करते हुए धड़ाधड़ रील्स बना रहे हैं और इन्हें इंस्टाग्राम पर वायरल कर रहे हैं। इस पर ऋषभ शेट्टी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि ये धार्मिक भावनाओं से जुड़ा विषय है और इसे मनोरंजन का साधन बनाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा, “जब हम भावनात्मक रूप से कमजोर होते हैं और दैव पूजा देखते हैं, तो वह एक गहरा आध्यात्मिक अनुभव होता है। लेकिन इन रील्स में इसे मज़ाक की तरह पेश किया जा रहा है, जो बेहद निराशाजनक है।”
ऋषभ शेट्टी ने आगे कहा कि दैव पूजा कोई अभिनय या प्रदर्शन नहीं बल्कि एक आवाहन है, जिसमें व्यक्ति अपना बाहरी व्यक्तित्व भूलकर ईश्वरीय ऊर्जा से जुड़ता है। उन्होंने अपील की, “मैं सभी से निवेदन करता हूं कि दैव की नकल करते हुए वीडियो न बनाएं। यह सिर्फ एक सिनेमैटिक एक्ट नहीं, बल्कि हमारी परंपरा और श्रद्धा का हिस्सा है।”
फिल्म के मेकर्स ने भी पहले एक बयान जारी कर फैंस से ऐसी गतिविधियों से बचने की अपील की थी। उन्होंने लिखा था कि “कांतारा में दिखाई गई दैव पूजा लोगों की संस्कृति और मान्यताओं से गहराई से जुड़ी है। इसे महज मनोरंजन या मिमिक्री की तरह इस्तेमाल करना धार्मिक असंवेदनशीलता है।” ऋषभ शेट्टी ने कहा कि वे खुद देवों के अनुयायी हैं और उनके परिवार में पीढ़ियों से यह परंपरा निभाई जाती है।
उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर हो रही इस नकलबाजी से न केवल परंपरा का अपमान हो रहा है बल्कि इससे फिल्म के आध्यात्मिक संदेश की भी अवहेलना होती है। उन्होंने फैंस से अनुरोध किया कि वे फिल्म की भावना को समझें और उसे संस्कृति के सम्मान के रूप में अपनाएं, न कि मनोरंजन के ट्रेंड में बदलें।
Share this content:
