April 17, 2026

कंगना रनौत के बयान पर भड़की सरदार सेना, फतेहपुर में किया जोरदार प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में भाजपा सांसद कंगना रनौत के बयान को लेकर सरदार सेना ने कलेक्टरेट परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए कंगना के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो प्रदेशभर में बड़े आंदोलन की शुरुआत की जाएगी।

प्रदर्शन कर रहे सरदार सेना के जिला प्रभारी चंद्रभान यादव ने कंगना रनौत के उस बयान को अपमानजनक बताया, जिसमें उन्होंने कहा था कि “सरदार पटेल को अंग्रेजी नहीं आती थी, इसीलिए वे प्रधानमंत्री नहीं बन सके।” यादव ने इस बयान को सरदार वल्लभ भाई पटेल जैसे राष्ट्र निर्माता और लौहपुरुष के सम्मान के खिलाफ बताते हुए कहा कि सरदार पटेल ने लंदन से अंग्रेजी में स्नातक की पढ़ाई की थी और यह बयान तथ्यहीन और अपमानजनक है।

चंद्रभान यादव ने यह भी कहा कि भाजपा सांसद के इस बयान पर तुरंत मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाना चाहिए। उन्होंने इसे देश के एक बड़े नेता के सम्मान के साथ खिलवाड़ बताया।

प्रदर्शन के दौरान सरदार सेना के कार्यकारिणी सदस्य प्रखर पटेल ने सरकार पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ओर चुनावों में सरदार पटेल के नाम पर वोट मांगती है और दूसरी ओर सावरकर जैसे लोगों को आगे बढ़ाने का काम करती है।

प्रखर पटेल ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार दलितों और OBC वर्ग के बच्चों को आगे बढ़ता नहीं देखना चाहती, इसी कारण हाल ही में प्रदेश में लगभग 5,000 प्राथमिक विद्यालयों को बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की यह नीति सामाजिक न्याय और समरसता के खिलाफ है और इसका विरोध पूरे प्रदेश में तेज किया जाएगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!