जेलेंस्की ने ट्रंप को चिट्ठी थमाई, बोले- ये आपके लिए नहीं, आपकी पत्नी के लिए है

व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की मुलाकात के दौरान एक दिलचस्प वाकया सामने आया। बैठक के बीच जेलेंस्की ने ट्रंप को एक चिट्ठी थमाई और मुस्कुराते हुए कहा कि ये आपके लिए नहीं है। दरअसल यह पत्र जेलेंस्की की पत्नी ओलेना जेलेंस्का ने अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप के नाम लिखा था। इस पर कमरे में मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे।

 

जेलेंस्की ने आगे कहा कि उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप का आभार जताना चाहती हैं। यह चिट्ठी दरअसल मेलानिया के उस कदम से जुड़ी थी, जब उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को एक पत्र भेजकर रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान प्रभावित बच्चों की स्थिति पर चिंता व्यक्त की थी। मेलानिया ने बच्चों की मासूमियत को बचाने की अपील करते हुए पुतिन से आग्रह किया था कि राजनीति और विचारधारा से ऊपर उठकर बच्चों की भलाई पर ध्यान दें।

 

जेलेंस्की की पत्नी ने अपने पत्र में मेलानिया के इस प्रयास की सराहना की और उन्हें धन्यवाद कहा। यह पत्र ट्रंप-जेलेंस्की वार्ता के बीच एक भावनात्मक पहलू लेकर आया। बैठक में मौजूद लोगों ने इसे अमेरिका और यूक्रेन के रिश्तों में एक सकारात्मक संकेत के तौर पर देखा।

 

गौरतलब है कि रूस पर यूक्रेनी बच्चों के अपहरण का गंभीर आरोप है। यूक्रेन का दावा है कि हजारों बच्चों को अभिभावकों की अनुमति के बिना रूस ले जाया गया है। इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (ICC) ने युद्ध अपराध करार दिया और राष्ट्रपति पुतिन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट तक जारी कर दिया।

 

हालांकि रूस का कहना है कि वह सिर्फ कमजोर और युद्ध प्रभावित बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर ले जा रहा है। इस मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें टिकी हुई हैं और मेलानिया का पत्र तथा ओलेना जेलेंस्का का जवाब इस मानवीय संकट को और ज्यादा वैश्विक बहस के केंद्र में ले आया है।

Share this content:

About The Author

You may have missed