April 30, 2026

जयपुर में युवक की चाकू से बेरहमी से हत्या, बदला लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट

राजस्थान के जयपुर ग्रामीण के बस्सी क्षेत्र में रविवार रात एक युवक की चाकुओं से हत्या कर दी गई। यह वारदात जामडोली थाना क्षेत्र की पालड़ी मीणा की कच्ची बस्ती में हुई, जहां तीन बाइकों पर सवार आठ बदमाशों ने मिलकर 22 वर्षीय विपिन नायक उर्फ विक्की पर 14 बार चाकू से वार किए। घटना के तुरंत बाद मुख्य आरोपी अनस खान ने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर लिखा – “आज बदला पूरा हुआ।”

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अनस ने पहले विपिन को नाम लेकर अंधेरी गली में बुलाया और वहां पहले से मौजूद साथियों के साथ उस पर हमला कर दिया। विपिन की चीखें सुनकर जब लोग दौड़े, तो अनस ने उन्हें चाकू दिखाकर धमकाया और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

वारदात के बाद अनस ने हथियार लहराते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसे कुछ देर बाद डिलीट कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, अनस पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह सोशल मीडिया पर ‘अनस शूटर’ नाम से सक्रिय है।

पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों से कुछ फुटेज बरामद किए हैं, जिनमें आरोपी घटना से पहले इलाके में घूमते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने हत्या से पहले पास की दुकान से सिगरेट भी खरीदी थी।

घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है, जिसके चलते कई थानों की पुलिस को तैनात किया गया है। पुलिस मामले को पुरानी रंजिश से जोड़कर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। मृतक के परिजनों में शोक और पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!