April 30, 2026

कल्याण में ग्राहक ने फाड़ा 32 हजार का लहंगा, चाकू दिखाकर दुकानदार से मांगी 3 लाख की फिरौती

महाराष्ट्र के कल्याण शहर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने फैशन स्टोर में जमकर हंगामा किया। यह घटना 19 जुलाई को कल्याण पश्चिम स्थित ‘कलाक्षेत्र’ नामक एक प्रसिद्ध फैशन स्टोर में घटी, जहां युवक ने एक महंगा लहंगा चाकू से फाड़ दिया और दुकानदार को जान से मारने की धमकी तक दे डाली।

दरअसल, कल्याण की रहने वाली मेघना मखीजा ने अपनी शादी के लिए 17 जून को 32,300 रुपये का लहंगा खरीदा था। लेकिन घर जाकर वह लहंगा उन्हें पसंद नहीं आया। उन्होंने स्टोर से संपर्क कर लहंगा लौटाने की कोशिश की, मगर दुकानदार ने स्पष्ट किया कि रिटर्न की सुविधा नहीं है। हालांकि, उन्हें 31 जुलाई तक उसी कीमत का कोई और वस्त्र खरीदने की छूट दी गई थी।

19 जुलाई को मेघना फिर से दुकान पहुंचीं, लेकिन फिर भी मामला शांत रहा। कुछ ही देर बाद उनका मंगेतर सुमित सयानी दुकान पर पहुंचा और वहीं उसने अचानक अपनी जेब से चाकू निकाला। उसने दुकान के बीचों-बीच महंगे लहंगे को फाड़ डाला और दुकानदार को धमकी दी कि उसे भी इसी तरह चीर देगा। इसके साथ ही उसने दुकानदार से 3 लाख रुपये की फिरौती भी मांग डाली।

दुकानदार प्रवीण समतानी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कल्याण के बाजारपेठ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने सुमित सयानी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 352, 324(5), 351(3), 425 और मुंबई पुलिस अधिनियम की धारा 37(1), 135 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुकान के कर्मचारियों में भी भय का माहौल बना हुआ है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!