April 30, 2026

पटना में NEET की तैयारी कर रहे छात्र ने की आत्महत्या, डिप्रेशन में था, हाल ही में हुई थी शादी

बिहार की राजधानी पटना से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी कर रहे एक 22 वर्षीय छात्र ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बक्सर जिले के चनवथ गांव निवासी मुखिया पंकज कुमार मेहता के पुत्र रोहित कुमार मेहता के रूप में हुई है। वह दानापुर के विजय विहार कॉलोनी स्थित साधना कॉटेज हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात जब रूम पार्टनर आर्यन इस्कॉन मंदिर से लौटकर आया तो उसने दरवाजा बंद पाया। रोहित ने कई आवाजें देने पर भी दरवाजा नहीं खोला। जब अन्य छात्रों और हॉस्टल मालिक की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, तो रोहित पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।

मृतक के पिता ने बताया कि रोहित ने इस वर्ष NEET की परीक्षा दी थी, लेकिन परिणाम उम्मीद से कमजोर रहा, जिससे वह मानसिक तनाव में आ गया था। परिवार उसे लगातार समझाने की कोशिश कर रहा था। हाल ही में, 11 अप्रैल को उसकी शादी भी हुई थी और दो महीने पहले उसने सगुना खगौल रोड स्थित फिजिक्स वाला संस्थान ज्वाइन किया था।

इस घटना के बाद से हॉस्टल और छात्र समुदाय में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि छात्र किन मानसिक दबावों से जूझ रहा था।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!