July 13, 2026

जान्हवी कपूर की फिल्म ‘परम सुंदरी’ ने 4 दिन में दिखाया दम, तीन फिल्मों को पछाड़ा

जान्हवी कपूर और सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म ‘परम सुंदरी’ 29 अगस्त को रिलीज हुई और आते ही बॉक्स ऑफिस पर जोरदार कमाई करने लगी। छोटे बजट में बनी इस फिल्म ने केवल चार दिनों में 30 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है, जिसका सीधा असर इसके कलेक्शन पर पड़ा है।

 

पहले दिन फिल्म ने 7.25 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जबकि दूसरे दिन यह बढ़कर 9.25 करोड़ तक पहुंच गई। रविवार को कलेक्शन में और इजाफा हुआ और इसने 10.25 करोड़ रुपये बटोरे। हालांकि सोमवार को फिल्म की कमाई थोड़ी घटी और यह 3.25 करोड़ रुपये तक सिमट गई। इसके बावजूद शुरुआती चार दिनों में कुल 30 करोड़ रुपये का कारोबार करने में सफल रही है।

 

‘परम सुंदरी’ की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि इसने जान्हवी कपूर की ही तीन फिल्मों – ‘रूही’ (23.25 करोड़), ‘मिली’ (2.24 करोड़) और ‘उलझ’ (8.30 करोड़) – के लाइफटाइम कलेक्शन को मात्र चार दिनों में ही पीछे छोड़ दिया। जान्हवी ने 2018 में ‘धड़क’ से डेब्यू किया था, लेकिन अब तक उन्हें बड़े हिट की तलाश रही है। इस लिहाज़ से ‘परम सुंदरी’ उनके करियर के लिए टर्निंग प्वॉइंट साबित हो सकती है।

 

फिल्म का बजट लगभग 50 से 55 करोड़ रुपये बताया जा रहा है और घरेलू बॉक्स ऑफिस पर यह आधे से ज्यादा रकम पहले ही वसूल कर चुकी है। इसका निर्देशन तुषार जलोटा ने किया है और इसे दिनेश विज़ान ने मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। सिद्धार्थ मल्होत्रा और जान्हवी कपूर की जोड़ी को भी दर्शक पसंद कर रहे हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!