कांग्रेस ने जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर साधा निशाना, उपराष्ट्रपति चुनाव के दिन उठाए सवाल
देश मे आज उपराष्ट्रपति पद के लिए वोटिंग हो रही है और शाम तक नतीजे भी सामने आ जाएंगे। इसी बीच कांग्रेस ने एक बार फिर पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि धनखड़ के उत्तराधिकारी का चुनाव शुरू हो चुका है, लेकिन इस्तीफे के बाद से उनकी चुप्पी अब भी बरकरार है और पूरा देश इसका जवाब चाहता है।
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भी सवाल उठाते हुए कहा कि उपराष्ट्रपति पद पर उपचुनाव क्यों हो रहा है और धनखड़ आखिर कहां हैं। उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला रहस्यमय है और सरकार को साफ करना चाहिए कि अचानक यह इस्तीफा क्यों हुआ। पायलट ने साथ ही दावा किया कि इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी मजबूत स्थिति में हैं और एनडीए को बहुमत साबित करने के लिए मशक्कत करनी पड़ेगी।
उधर, उपराष्ट्रपति पद की रेस में एनडीए ने सी.पी. राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाया है, जबकि इंडिया गठबंधन ने बी. सुदर्शन रेड्डी को मैदान में उतारा है। धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर राष्ट्रपति को इस्तीफा सौंपा था, जिसके बाद यह उपचुनाव हो रहा है। अब देखना होगा कि इस मुकाबले में जीत किसके खाते में जाती है।
Share this content:
