ईरान से इतर अब गाजा पर ट्रंप का फोकस, युद्ध खत्म करने के लिए ‘शांति बोर्ड’ बनाने का ऐलान
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर सख्त चेतावनियों के बीच अब गाजा को लेकर एक बड़ा राजनीतिक कदम उठाया है। ट्रंप ने गाजा के लिए एक विशेष ‘शांति बोर्ड’ के गठन की घोषणा की है, जिसे फिलिस्तीनी क्षेत्र में जारी संघर्ष को समाप्त करने की अमेरिका समर्थित योजना का अहम चरण बताया जा रहा है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा कि यह बोर्ड अब तक का सबसे बड़ा और सबसे प्रतिष्ठित बोर्ड होगा, हालांकि फिलहाल इसके सदस्यों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
ट्रंप के अनुसार, यह शांति बोर्ड गाजा में युद्ध के बाद की व्यवस्था को संभालने के लिए गठित 15 सदस्यीय फिलिस्तीनी तकनीकी प्रशासनिक समिति की निगरानी करेगा। इस समिति को गाजा के रोजमर्रा के प्रशासन की जिम्मेदारी दी गई है। अमेरिकी योजना के तहत यह बोर्ड गाजा में स्थिरता लाने, प्रशासनिक फैसलों पर नजर रखने और क्षेत्र में शांति बहाल करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा। ट्रंप ने संकेत दिया है कि वे स्वयं इस शांति बोर्ड की अध्यक्षता करना चाहते हैं।
इस व्यापक योजना में केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था भी शामिल है। प्रस्ताव के मुताबिक, गाजा में सुरक्षा बनाए रखने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय स्थिरीकरण बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही चुनी हुई फिलिस्तीनी पुलिस इकाइयों को ट्रेनिंग देने की भी योजना है, ताकि युद्ध के बाद कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जा सके। दूसरे चरण में गाजा से सभी अवैध हथियार हटाने और बड़े स्तर पर पुनर्निर्माण पर जोर दिया जाएगा।
AFP के हवाले से बताया गया है कि इस शांति बोर्ड में अंतरराष्ट्रीय हस्तियों के साथ-साथ अरब देशों के प्रतिनिधि भी शामिल हो सकते हैं। ट्रंप पहले संकेत दे चुके थे कि पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर इस बोर्ड का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन योजना पर हो रही आलोचनाओं और फिलिस्तीनी स्वशासन को नजरअंदाज किए जाने की आशंका के चलते ब्लेयर ने इससे दूरी बना ली।
गौरतलब है कि अमेरिका समर्थित गाजा शांति योजना 10 अक्टूबर से लागू मानी जा रही है, जिसके तहत बंधकों की रिहाई भी हुई। हालांकि, गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार युद्धविराम के बाद भी सैकड़ों लोगों की मौत हुई है, जिससे इस शांति योजना की स्थिरता और प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं।
Share this content:
