April 19, 2026

रोहित शर्मा ने वानखेड़े में पूरा किया आईपीएल छक्कों का शतक, बने इतिहास रचने वाले पहले बल्लेबाज

आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को रोमांचक मुकाबले में चार विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद की टीम ने 162 रन बनाए, जिसे मुंबई ने आसानी से हासिल कर लिया। इस मैच में भले ही रोहित शर्मा बड़ी पारी नहीं खेल पाए, लेकिन उन्होंने एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली। रोहित ने 16 गेंदों पर 26 रन की तेज़ पारी खेली, जिसमें उन्होंने तीन शानदार छक्के लगाए। इसके साथ ही उन्होंने वानखेड़े स्टेडियम में अपने 100 आईपीएल छक्के पूरे कर लिए। वह वानखेड़े पर ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज़ बन गए हैं।

रोहित शर्मा अब आईपीएल इतिहास में किसी एक वेन्यू पर 100 या उससे अधिक छक्के लगाने वाले सिर्फ चौथे बल्लेबाज़ बन चुके हैं। उनसे पहले विराट कोहली ने बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 130, क्रिस गेल ने 127 और एबी डिविलियर्स ने 118 छक्के लगाए हैं। साल 2008 से आईपीएल खेल रहे रोहित के नाम पहले से ही कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज हैं और यह उपलब्धि उनके करियर में एक और खास मुकाम बन गई है।

हालांकि मौजूदा सीजन में रोहित का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। वह मुंबई इंडियंस के लिए ज्यादातर मैचों में इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका में नजर आए हैं, लेकिन बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं। अब तक खेले गए छह मुकाबलों में उन्होंने कुल 82 रन बनाए हैं और एक भी बार टीम को मजबूत शुरुआत नहीं दिला पाए हैं। दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत अच्छी रही थी जब अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने पहले विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी की, लेकिन मध्य क्रम के बल्लेबाज़ बिखर गए। हेनरिक क्लासेन ने अंत में तेजी से रन बनाने की कोशिश जरूर की, लेकिन वह काफी नहीं रहा। जवाब में मुंबई के लिए रियान रिकेल्टन, विल जैक्स और सूर्यकुमार यादव ने छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पारियां खेलीं और टीम को जीत तक पहुंचाया।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!