एक क्लिक में जानें: कौन हैं ईशान मलिंगा, जिन्होंने IPL डेब्यू में ही लिया विकेट
सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए श्रीलंका के तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा ने शनिवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ अपना आईपीएल डेब्यू किया और अपने पहले ही ओवर में विकेट लेकर सबका ध्यान खींचा। उन्होंने सिर्फ 3 रन देकर सिमरन सिंह को आउट किया और यह उनका पहला आईपीएल विकेट भी रहा। उनके नाम में ‘मलिंगा’ होने की वजह से लोग उन्हें लसिथ मलिंगा से जोड़ते हैं, हालांकि दोनों के रिश्ते को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। ईशान मलिंगा का पूरा नाम किरीबतगला कंकनमालगे ईशान मलिंगा धर्मसेना है और उनका जन्म 4 फरवरी 2001 को रतनपुरा में हुआ था।
ईशान ने 2022-23 सीजन में फर्स्ट क्लास क्रिकेट से अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की थी। इससे पहले उन्होंने Ragama Cricket Club के लिए लिस्ट ए में डेब्यू किया और फिर 25 मई 2022 को टी20 क्रिकेट में भी कदम रखा। उन्होंने अब तक 5 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें 4 विकेट चटकाए हैं, जिनमें से 3 विकेट उन्होंने एक ही मुकाबले में लिए थे। उनके नाम 16 फर्स्ट क्लास मैचों में 39 विकेट, 19 लिस्ट ए मैचों में 24 विकेट और 16 टी20 मैचों में 17 विकेट दर्ज हैं।
आईपीएल से पहले ईशान मलिंगा SA20 लीग में पार्ल रॉयल्स की टीम से खेल चुके हैं। 2025 के सीजन में उन्होंने इस लीग में 3 मैच खेले और 4 विकेट लिए। खासकर ईस्टर्न केप के खिलाफ उन्होंने 21 रन देकर 2 विकेट झटके थे।
आईपीएल 2025 ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने ईशान मलिंगा को 1.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। 12 अप्रैल को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ उन्होंने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की और पहले ही ओवर में सफलता हासिल कर अपने डेब्यू को यादगार बना दिया।
Share this content:
