आईपीएल 2025: सात नई कप्तान, लार बैन हटने से लेकर दूसरे नई गेंद तक – क्या इस बार बदलेगा खेल का पूरा समीकरण?
नई दिल्ली। आईपीएल 2025 का रोमांच अपने चरम पर पहुंचने वाला है। 18वें सीजन की शुरुआत आज होगी, जब मौजूदा चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के बीच उद्घाटन मुकाबला खेला जाएगा। हालांकि, इस बार सिर्फ मैदान की लड़ाई ही नहीं बल्कि नए नियम और नए कप्तानों की मौजूदगी से भी टूर्नामेंट दिलचस्प होने वाला है।
इस बार का आईपीएल कई मायनों में ऐतिहासिक होगा—कम से कम सात टीमें नए कप्तानों के साथ मैदान में उतरेंगी। इनमें से कुछ टीमों के कप्तान स्थायी होंगे तो कुछ अस्थायी, लेकिन सभी की नजरें इन नए चेहरों पर टिकी रहेंगी। साथ ही, बीसीसीआई ने कुछ ऐसे नियम लागू किए हैं, जो खेल के संतुलन को पूरी तरह बदल सकते हैं।
नया नियम-1: गेंद पर लार लगाने की अनुमति
आईपीएल 2025 में सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब गेंदबाजों को फिर से गेंद पर लार लगाने की अनुमति दे दी गई है। कोविड-19 महामारी के बाद से इस पर प्रतिबंध लगा हुआ था। हालांकि, बीसीसीआई ने आईपीएल के अधिकतर कप्तानों से सहमति के बाद इस पर लगी रोक हटाने का फैसला लिया।
आईसीसी ने 2022 में गेंद पर लार लगाने को स्थायी रूप से बैन कर दिया था, लेकिन आईपीएल अपने नियमों से संचालित होता है। गेंद पर लार लगाने की अनुमति से रिवर्स स्विंग में मदद मिलेगी, जिससे गेंदबाजों को फायदा होगा। इससे पहले बल्लेबाजों का दबदबा रहता था, लेकिन अब खेल में संतुलन लौटने की उम्मीद है।
नया नियम-2: दूसरी पारी में ‘सशर्त’ नई गेंद
बीसीसीआई ने एक और बड़ा नियम लागू किया है। अब अंपायरों को यदि लगेगा कि ओस का प्रभाव खेल पर ज्यादा पड़ रहा है, तो वे दूसरी पारी के 11वें ओवर से नई गेंद का उपयोग करने की अनुमति देंगे।
यह नियम केवल शाम को खेले जाने वाले मैचों में लागू होगा, जिससे चेज करने वाली टीम को ओस का फायदा न मिले। अक्सर देखा गया है कि टीमें टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनती हैं, ताकि दूसरी पारी में ओस का लाभ उठा सकें। इस नए नियम से अब खेल का संतुलन बना रहेगा।
नया नियम-3: वाइड गेंदों के लिए भी डीआरएस
अब टीमें वाइड गेंदों पर भी डिसीजन रिव्यू सिस्टम (DRS) का इस्तेमाल कर सकेंगी। हालांकि, यह नियम सिर्फ हाइट और ऑफसाइड वाइड पर लागू होगा। लेग-साइड की वाइड गेंदों पर ऑन-फील्ड अंपायर का निर्णय ही अंतिम होगा।
इसके अलावा, बीसीसीआई ने स्लो ओवर रेट के लिए कप्तानों पर बैन लगाने की जगह डिमेरिट पॉइंट्स और जुर्माने का प्रावधान किया है।
कौन-कौन हैं नए कप्तान?
इस सीजन में सबसे बड़ा सरप्राइज आरसीबी ने दिया है। विराट कोहली जैसे दिग्गज की मौजूदगी में टीम ने रजत पाटीदार को कप्तान बनाया है। वहीं, अक्षर पटेल इस बार दिल्ली कैपिटल्स की कमान संभालेंगे।
श्रेयस अय्यर, जिन्होंने पिछले साल कोलकाता नाइट राइडर्स को चैंपियन बनाया था, इस बार पंजाब किंग्स की कप्तानी करेंगे। उनकी जगह केकेआर की कप्तानी का जिम्मा अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे को दिया गया है।
इसके अलावा, रियान पराग राजस्थान रॉयल्स के शुरुआती तीन मैचों में कप्तानी करेंगे क्योंकि नियमित कप्तान संजू सैमसन अंगुली की चोट से जूझ रहे हैं। मुंबई इंडियंस के पहले मैच में हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव टीम की कमान संभालेंगे।
आईपीएल में सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी ऋषभ पंत को इस बार लखनऊ सुपर जाएंट्स की कप्तानी मिली है।
कोचिंग स्टाफ में भी बड़ा बदलाव
दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग अब पंजाब किंग्स से जुड़ गए हैं। उनकी जगह हेमांग बदानी को दिल्ली का नया मुख्य कोच बनाया गया है। साथ ही, पूर्व इंग्लिश कप्तान केविन पीटरसन को मेंटर नियुक्त किया गया है।
सबसे दिलचस्प बदलाव राजस्थान रॉयल्स में हुआ है, जहां भारतीय टीम के पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ लौट आए हैं। वहीं, केकेआर ने ड्वेन ब्रावो को मेंटर नियुक्त किया है, जो गौतम गंभीर की जगह लेंगे।
कौन करेगा कमाल, कौन लेगा संन्यास?
इस सीजन में जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है। वहीं, महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास की चर्चा एक बार फिर जोर पकड़ रही है।
दिलचस्प बात यह है कि धोनी से 30 साल छोटे 13 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी भी इस बार राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़ गए हैं।
विराट कोहली और रोहित शर्मा भी इस बार आकर्षण का केंद्र रहेंगे, क्योंकि ये दोनों स्टार बल्लेबाज टी20 इंटरनेशनल से संन्यास के बाद पहली बार इस फॉर्मेट में खेलते दिखेंगे।
कोलकाता बनाम बैंगलोर: पहला मुकाबला होगा खास
आज केकेआर और आरसीबी के बीच होने वाले मुकाबले में सभी की निगाहें वरुण चक्रवर्ती पर रहेंगी, जिनका सामना विराट कोहली और फिल सॉल्ट जैसे बड़े बल्लेबाजों से होगा।
आईपीएल 2025 की शुरुआत रोमांचक होने वाली है—नए नियम, नए कप्तान और नए चेहरे खेल को नया मोड़ देने को तैयार हैं। क्या इस बार आईपीएल में कोई नया चैम्पियन मिलेगा? या फिर पुराने दिग्गज एक बार फिर चमक बिखेरेंगे? यह देखना दिलचस्प होगा।
Share this content:
