April 19, 2026

IPL के बीच बदली श्रेयस अय्यर और ईशान किशन की किस्मत, BCCI ने फिर दिया सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 21 अप्रैल को 2024-25 सीजन के लिए नया सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट जारी किया, जिसमें कुल 34 खिलाड़ियों को जगह दी गई है। इस लिस्ट में दो ऐसे खिलाड़ी भी शामिल हैं जिनके नाम को लेकर पिछले कुछ समय से काफी चर्चा थी – श्रेयस अय्यर और ईशान किशन। दोनों खिलाड़ियों को पिछले साल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया गया था, लेकिन अब एक बार फिर इनकी वापसी हो गई है। श्रेयस अय्यर को ग्रेड बी में शामिल किया गया है, जबकि ईशान किशन को ग्रेड सी में रखा गया है। इनकी वापसी को एक तरह से बीसीसीआई की तरफ से स्पेशल रिवॉर्ड माना जा रहा है, खासकर उनके हालिया प्रदर्शन को देखते हुए।

पिछले साल जब इन दोनों को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर किया गया था, तब इसके पीछे कारण बताया गया था कि उन्होंने घरेलू क्रिकेट को प्राथमिकता नहीं दी। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट में वापसी की और खुद को साबित किया। श्रेयस अय्यर ने घरेलू टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी करते हुए चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया में जगह बनाई। इस टूर्नामेंट में उन्होंने 243 रन बनाए और भारत के टॉप स्कोरर रहे। फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने 48 गेंदों में 62 रन की बेहतरीन पारी खेली और भारत को खिताब दिलाने में अहम योगदान दिया। फिलहाल वह आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स की कप्तानी कर रहे हैं और अच्छा प्रदर्शन भी कर रहे हैं।

दूसरी ओर, ईशान किशन भी घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर टीम इंडिया में वापसी की कोशिश में जुटे रहे हैं। वह इस समय आईपीएल 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेल रहे हैं और इस सीजन के पहले ही मैच में उन्होंने 47 गेंदों में नाबाद 106 रन की शतकीय पारी खेली थी। हालांकि उसके बाद उनका बल्ला शांत रहा है, लेकिन सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में मिली इस वापसी से उनकी उम्मीदें फिर से जगी हैं। माना जा रहा है कि किशन अब एक बार फिर भारतीय टी-20 टीम का हिस्सा बन सकते हैं

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!