40 इंटरनेशनल शतक लगाने वाले रॉस टेलर ने लिया रिटायरमेंट से वापसी, सामोआ से करेंगे डेब्यू
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज रॉस टेलर ने इंटरनेशनल क्रिकेट में दोबारा वापसी करने का ऐलान किया है। साल 2022 में क्रिकेट को अलविदा कह चुके टेलर अब 41 साल की उम्र में फिर से मैदान पर उतरेंगे। हालांकि इस बार वे न्यूजीलैंड की नहीं बल्कि आईसीसी रैंकिंग में 70वें स्थान पर मौजूद सामोआ की टीम से खेलते नजर आएंगे। टेलर ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी और कहा कि यह उनके परिवार और देश दोनों के लिए गर्व का पल है।
रॉस टेलर को सामोआ की टी20 टीम में शामिल किया गया है, जो अगले साल भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालिफायर मुकाबले खेलेगी। ये क्वालिफायर ओमान में होंगे, जहां एशिया-ईस्ट एशिया-पैसिफिक क्षेत्र की टीमें हिस्सा लेंगी। सामोआ क्रिकेट बोर्ड ने 15 सदस्यीय स्क्वॉड की घोषणा की, जिसमें कालेब जसमत को कप्तान बनाया गया है और रॉस टेलर को टीम में अहम जिम्मेदारी दी गई है।
टेलर ने इस ऐलान पर खुशी जताते हुए कहा कि क्रिकेट में वापसी करना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि सामोआ का प्रतिनिधित्व करना उनके जीवन का एक नया अध्याय है और उनकी मां की जड़ों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने लिखा कि नीली जर्सी पहनकर खेलना उनके परिवार के लिए गर्व का क्षण होगा। टेलर ने अपने करियर में न्यूजीलैंड की ओर से खेलते हुए कुल 18199 रन बनाए हैं, जिसमें 40 इंटरनेशनल शतक भी शामिल हैं। वे न्यूजीलैंड के सबसे सफल बल्लेबाजों में गिने जाते हैं।
सामोआ क्रिकेट टीम का हिस्सा बनने के पीछे आईसीसी का नियम भी अहम रहा। किसी भी खिलाड़ी को दूसरे देश से खेलने के लिए अपने पहले देश से रिटायरमेंट लेने के बाद कम से कम तीन साल का अंतराल पूरा करना होता है। रॉस टेलर ने 2022 में संन्यास लिया था और अब 2025 में यह अवधि पूरी हो चुकी है। इसी कारण उन्हें सामोआ की ओर से खेलने का अवसर मिल गया।
रॉस टेलर की वापसी सामोआ क्रिकेट के लिए बड़ा कदम साबित हो सकती है। जहां यह छोटा सा द्वीपीय देश क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहा है, वहीं टेलर जैसे दिग्गज बल्लेबाज का अनुभव टीम को मजबूती देगा। आने वाले क्वालिफायर मुकाबलों में सामोआ की नजरें वर्ल्ड कप टिकट पर होंगी और टेलर का खेल टीम के प्रदर्शन में निर्णायक साबित हो सकता है। यह देखना दिलचस्प होगा कि इंटरनेशनल क्रिकेट के इस अनुभवी बल्लेबाज की मौजूदगी किस तरह से सामोआ की किस्मत बदलती है।MM
Share this content:
