April 18, 2026

जब गोलियों से जवाब दिया गया, अब बारी शब्दों की है… भारत ने शुरू किया ‘डिप्लोमैटिक स्ट्राइक’

22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने भारत को झकझोर कर रख दिया था। लेकिन इस बार जवाब न सिर्फ सीमाओं के पार मिला, बल्कि अब एक और बड़ा क़दम उठाया गया है—भारत आतंकवाद पर पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर घेरने की तैयारी में है। और इस ‘डिप्लोमैटिक स्ट्राइक’ का नेतृत्व करेंगे देश के जाने-माने सांसद, पूर्व मंत्री और अनुभवी राजनयिकों से सुसज्जित सात अलग-अलग प्रतिनिधिमंडल।

पहलगाम हमले के जवाब में भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पीओके में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था। लेकिन अब भारत ने तय किया है कि केवल सैन्य मोर्चे पर नहीं, बल्कि कूटनीतिक स्तर पर भी पाकिस्तान को बेनकाब किया जाएगा। इसके लिए 7 अलग-अलग सांसदीय प्रतिनिधिमंडल दुनिया के विभिन्न हिस्सों में जाकर भारत का पक्ष रखेंगे और आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान की भूमिका को उजागर करेंगे।

अब खाड़ी नहीं, यूरोप जाएगा रविशंकर प्रसाद का दल
पहले कयास लगाए जा रहे थे कि रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल खाड़ी देशों का दौरा करेगा, लेकिन अब यह प्रतिनिधिमंडल यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस, जर्मनी, इटली और डेनमार्क जाएगा। इसमें शामिल हैं – डी पुरंदेश्वरी (बीजेपी), प्रियंका चतुर्वेदी (शिवसेना-यूबीटी), गुलाम अली खटाना (राज्यसभा), अमर सिंह (कांग्रेस), समिक भट्टाचार्य (बीजेपी) और वरिष्ठ राजनयिक पंकज शरण।

बैजयंत पांडा के नेतृत्व में खाड़ी देशों का दौरा
बीजेपी सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्व में दूसरा प्रतिनिधिमंडल सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन और अल्जीरिया की यात्रा करेगा। इस दल में निशिकांत दुबे, पी कोन्याक, रेखा शर्मा (सभी बीजेपी), असदुद्दीन ओवैसी (AIMIM), गुलाम नबी आजाद, हर्षवर्धन श्रींगला (पूर्व विदेश सचिव) और सतनाम सिंह संधू शामिल हैं।

संजय झा का एशियाई मिशन
संजय कुमार झा (जेडीयू) के नेतृत्व में तीसरा प्रतिनिधिमंडल इंडोनेशिया, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, जापान और सिंगापुर जाएगा। इस दल में अपराजिता सारंगी, बृजलाल, पी बरुआ, हेमांग जोशी (सभी बीजेपी), सलमान खुर्शीद (कांग्रेस), यूसुफ पठान (टीएमसी), जॉन ब्रिटास (माकपा) और वरिष्ठ राजनयिक मोहन कुमार शामिल हैं।

श्रीकांत शिंदे की अगुवाई में अफ्रीकी और अरब मिशन
शिवसेना नेता श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में चौथा प्रतिनिधिमंडल यूएई, लाइबेरिया, कांगो और सिएरा लियोन का दौरा करेगा। इसके सदस्यों में बांसुरी स्वराज, अतुल गर्ग, मदन कुमार मिश्रा, एसएस अहलूवालिया (बीजेपी), ईटी मोहम्मद बशीर (आईयूएमएल), सस्मित पात्रा (बीजेडी) और राजनयिक सुजान चिनॉय शामिल हैं।

शशि थरूर अमेरिका और लैटिन अमेरिका में रखेंगे पक्ष
कांग्रेस नेता शशि थरूर के नेतृत्व में पांचवां प्रतिनिधिमंडल अमेरिका, पनामा, गुयाना, ब्राजील और कोलंबिया की यात्रा करेगा। उनके साथ तेजस्वी सूर्या, भुवनेश्वर कलिता, शशांक मणि त्रिपाठी (बीजेपी), शांभवी (एलजेपी), सरफराज अहमद (झामुमो), हरीश बालयोगी (टीडीपी), मिलिंद देवड़ा (शिवसेना) और पूर्व राजदूत तरनजीत सिंह संधू शामिल हैं।

कनिमोझी यूरोप के पूर्वी हिस्सों में करेंगी संवाद
द्रमुक सांसद कनिमोझी के नेतृत्व में छठा प्रतिनिधिमंडल स्पेन, यूनान, स्लोवेनिया, लातविया और रूस जाएगा। इस प्रतिनिधिमंडल में बृजेश चोटा (बीजेपी), राजीव राय (सपा), अल्ताफ अहमद (नेशनल कांफ्रेंस), प्रेमचंद गुप्ता (राजद), अशोक मित्तल (आप), और वरिष्ठ राजनयिक मंजीव पुरी व जावेद अशरफ शामिल हैं।

सुप्रिया सुले की अगुवाई में अफ्रीका और मिडल ईस्ट मिशन
सातवां प्रतिनिधिमंडल सुप्रिया सुले (एनसीपी-एसपी) के नेतृत्व में मिस्र, कतर, इथियोपिया और दक्षिण अफ्रीका का दौरा करेगा। प्रतिनिधिमंडल में राजीव प्रताप रूडी, अनुराग ठाकुर (बीजेपी), विक्रमजीत सिंह साहनी (आप), लावू श्रीकृष्ण (टीडीपी), आनंद शर्मा (कांग्रेस), पूर्व मंत्री वी मुरलीधरन और अनुभवी राजनयिक सैयद अकबरुद्दीन शामिल हैं।

भारत की यह कूटनीतिक रणनीति अब एक नए चरण में प्रवेश कर रही है। जहां पहले सिर्फ सैन्य स्तर पर कार्रवाई होती थी, अब भारत आतंकवाद पर अंतरराष्ट्रीय राय बदलने के लिए राजनीतिक और कूटनीतिक दोनों स्तरों पर पूरी ताक़त झोंक चुका है। पाकिस्तान की साजिशों को बेनकाब करने के लिए यह प्रतिनिधिमंडल दुनिया को दिखाएगा कि भारत सिर्फ शांति का पक्षधर नहीं है, बल्कि ज़रूरत पड़ने पर निर्णायक जवाब भी देना जानता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!