गया नहीं, अब ‘गया जी’ कहिए – वो पावन भूमि जहाँ पिंडदान से मिलता है मोक्ष!
गंगा किनारे बसे शहरों की एक अलग ही पहचान होती है, लेकिन जब बात मोक्ष की आती है, तो नाम सामने आता है – गया! अब इस ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी को एक नया नाम मिला है – ‘गया जी’। नाम बदला है, पहचान नहीं। ये वही गया है, जिसे पुराणों ने तीर्थों का तीर्थ कहा है, जहाँ खुद देवी सीता ने राजा दशरथ को पिंडदान किया था और जहाँ लाखों लोग आज भी पितरों की आत्मा की शांति के लिए आते हैं।
क्यों गया जी को कहा जाता है मोक्षधाम?
हिंदू धर्मग्रंथों में वर्णित है – “श्राद्धारंभे गयां ध्यात्वा…” यानी श्राद्ध चाहे कहीं भी हो, आरंभ में गया और उसके प्रधान देवता भगवान गदाधर का स्मरण किया जाता है। यह अकेला स्थान है जहां सालभर पिंडदान और श्राद्ध किए जाते हैं। मान्यता है कि गया में पिंडदान करने से 108 कुल और 7 पीढ़ियों का उद्धार हो जाता है। महाभारत काल में पांडवों ने भी यहाँ आकर अपने पूर्वजों का श्राद्ध किया था।
गया के साथ जुड़ी पौराणिक मान्यताएं
कहा जाता है कि यहां खुद भगवान विष्णु पितृदेव के रूप में विराजते हैं। अग्निपुराण में गया को विशेष रूप से महत्व दिया गया है, जबकि वायुपुराण कहता है कि गया की ओर बढ़ाया गया हर कदम पितरों के लिए स्वर्ग की सीढ़ी बनता है। कूर्मपुराण के अनुसार, गया में पिंडदान करने वाला व्यक्ति सात पीढ़ियों तक का उद्धार करता है और स्वयं भी परमगति को प्राप्त होता है।
कौन था गयासुर और कैसे बना गया तीर्थ?
गया जी की उत्पत्ति की कहानी एक असुर ‘गयासुर’ से जुड़ी है। गयासुर ने तपस्या कर ब्रह्माजी से वरदान माँगा कि उसके शरीर को देख मात्र से लोग पापमुक्त हो जाएं। इसका दुरुपयोग होने लगा और पापी भी स्वर्ग जाने लगे। देवताओं ने जब इसका समाधान चाहा, तो गयासुर ने अपना शरीर यज्ञ के लिए अर्पित कर दिया। उसका शरीर पाँच कोस में फैला और वहीं से उत्पन्न हुआ गया तीर्थ। माना जाता है कि गयासुर के शरीर में ब्रह्मा, विष्णु, शिव और प्रपितामह स्वयं वास करते हैं।
पिंडदान का महत्व और परंपरा
हर साल सर्वपितृ अमावस्या पर लाखों लोग गया जी पहुँचते हैं। फ्लगु नदी के किनारे, रेत में पिंडदान की परंपरा आज भी उतनी ही जीवंत है। यह केवल एक धार्मिक कर्मकांड नहीं, बल्कि अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा और उत्तरदायित्व का प्रतीक है। यहाँ के हर घाट, हर कंकड़ में आस्था बसती है।
अब ‘गया’ नहीं, ‘गया जी’
राज्य सरकार ने इस आध्यात्मिक पहचान को और सम्मान देते हुए अब गया का नाम ‘गया जी’ कर दिया है। यह केवल नाम परिवर्तन नहीं, उस भाव का सम्मान है जो इस धरती से जुड़ा है – मोक्ष का, श्रद्धा का और सनातन परंपराओं का।
गया जी, एक ऐसा शहर जो असुर की तपस्या से शुरू होकर देवताओं की कृपा तक पहुंचा। एक ऐसी भूमि जहाँ आस्था की हर साँस में पितरों की मुक्ति की भावना है। अब जब भी आप इस पावन धरती का नाम लें, गर्व से कहिए – गया जी!
Share this content:
