महिला बिग बैश लीग (WBBL) में ऑस्ट्रेलिया की स्टार स्पिनर और भारत की होने वाली बहू अमांडा वेलिंगटन ने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींच लिया. उन्होंने एडिलेड स्ट्राइकर्स की ओर से खेलते हुए मेलबर्न स्टार्स के खिलाफ अपने 4 ओवर में सिर्फ 20 रन दिए और 2 विकेट झटके. खास बात यह रही कि पूरे स्पेल में उन्होंने सिर्फ एक चौका खाया.
ऑस्ट्रेलिया की मशहूर लेग स्पिनर अमांडा वेलिंगटन की चर्चा इस बार मैदान से बाहर भी हो रही है. दरअसल, उन्होंने हाल ही में पंजाब के रहने वाले हमराज नाम के युवक से सगाई की है, और वह भी भारत के ताजमहल में. यही वजह है कि भारतीय फैंस अब उन्हें प्यार से “भारत की होने वाली बहू” कहकर बुला रहे हैं. क्रिकेट मैदान पर भी उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से यह साबित कर दिया कि वो सिर्फ नाम से नहीं, काम से भी खास हैं.
मेलबर्न स्टार्स के खिलाफ खेले गए मैच में वेलिंगटन ने गजब की कसी गेंदबाजी की. उन्होंने 4 ओवर में 5 की इकोनॉमी से केवल 20 रन दिए और 2 विकेट हासिल किए. उनकी गेंदों के सामने विपक्षी बल्लेबाज रन के लिए जूझते नजर आए. उन्होंने पूरे चार ओवर में सिर्फ एक चौका दिया, जो उनके अनुशासित और सटीक बॉलिंग का सबूत है. वह एडिलेड स्ट्राइकर्स की सबसे किफायती और सफल गेंदबाज रहीं.
हालांकि, मैच का नतीजा बारिश ने बदल दिया. एडिलेड स्ट्राइकर्स जब 185 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तभी बारिश शुरू हो गई और मुकाबला रद्द कर दिया गया. बावजूद इसके, अमांडा वेलिंगटन ने इस मैच में अपनी प्रतिभा की छाप छोड़ दी.
मैच के बाद वेलिंगटन ने भारतीय संस्कृति के प्रति अपने लगाव का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि उन्हें भारतीय खाना और परंपराएं बेहद पसंद हैं. अमांडा ने कहा, “मैंने भारत में सगाई की और यहां की संस्कृति को महसूस किया. मुझे यहां की हर चीज़ अपनाने में खुशी हो रही है.” अब भारतीय फैंस भी इस ऑस्ट्रेलियाई स्टार को अपनी ‘बहू’ के रूप में देख गर्व महसूस कर रहे हैं.
Share this content:
