May 1, 2026

फरीदाबाद: अल-फलाह मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर समेत कई पदों पर भर्ती, दिल्ली बम धमाके के बाद सामान्य स्थिति की कोशिश

दिल्ली के लाल किले के पास हुए बम धमाके की जांच के दौरान फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी का नाम सामने आने के बाद संस्थान की साख पर सवाल खड़े हो गए थे। जांच एजेंसियों ने तथाकथित ‘व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल’ से जुड़े कुछ आरोपियों के यूनिवर्सिटी से संबंध होने की बात कही थी, जिसमें फैकल्टी मेंबर और छात्र भी शामिल बताए गए। इससे यूनिवर्सिटी का माहौल तनावपूर्ण हो गया और शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हुईं।

अब अल-फलाह यूनिवर्सिटी के अल-फलाह स्कूल ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च सेंटर ने प्रोफेसर समेत कई पदों पर भर्ती के लिए वैकेंसी जारी की है। इसे संस्थान की ओर से शैक्षणिक और प्रशासनिक ढांचे को दोबारा मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। भर्ती के जरिए यूनिवर्सिटी पढ़ाई-लिखाई को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश कर रही है।

जारी सूचना के अनुसार प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर, सीनियर और जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर तथा नर्सिंग स्टाफ के पदों पर आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक उम्मीदवार registrar@alfalahuniversity.edu.in पर ई-मेल के जरिए आवेदन कर सकते हैं। फैकल्टी की कमी से जूझ रहे मेडिकल कॉलेज के छात्रों के लिए इसे राहत की खबर माना जा रहा है।

गौरतलब है कि जांच के दौरान यूनिवर्सिटी से जुड़े कुछ लोगों की गिरफ्तारी और छापेमारी की कार्रवाई हुई थी, जिससे संस्थान गहरे संकट में आ गया था। ऐसे में अब भर्ती प्रक्रिया शुरू होना इस बात का संकेत है कि अल-फलाह यूनिवर्सिटी प्रशासन विवाद से उबरकर शैक्षणिक माहौल को फिर से मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!