ICC U19 वर्ल्ड कप 2026: तंजानिया ने रचा इतिहास, पहली बार किया क्वालीफाई
अफ्रीकी क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक क्षण सामने आया है। तंजानिया की अंडर-19 टीम ने पहली बार ICC U19 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर इतिहास रच दिया है। यह उपलब्धि न केवल तंजानिया के क्रिकेट विकास को दर्शाती है, बल्कि पूरे अफ्रीकी क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत भी बन गई है।
तंजानिया ने अफ्रीका रीजनल क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी 5 मुकाबले जीतकर वर्ल्ड कप 2026 का टिकट पक्का किया। इस टूर्नामेंट में टीम ने न केवल ग्रुप स्टेज में तीन जीत दर्ज की, बल्कि सेमीफाइनल में रवांडा और फाइनल में सिएरा लियोन को हराकर डिवीजन 1 में एंट्री ली। इसके बाद डिवीजन 1 में लगातार पांच मुकाबले जीतकर तंजानिया ने क्वालिफिकेशन टेबल में टॉप स्थान हासिल किया।
यह सफर अगस्त 2024 में डिवीजन 2 क्वालिफायर से शुरू हुआ था, जो अब वर्ल्ड कप की दहलीज तक पहुंच चुका है। तंजानिया की टीम रीजनल क्वालिफिकेशन के ज़रिए ICC U19 वर्ल्ड कप में जगह बनाने वाली पहली टीम बन गई है।
अब तक तय हो चुकी हैं 12 टीमें
ICC U19 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन जिम्बाब्वे और नामीबिया में किया जाएगा, जिसमें कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी। अब तक 12 टीमों ने टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर लिया है। मेजबान जिम्बाब्वे के अलावा पिछला टूर्नामेंट खेलने वाली 10 फुल मेंबर टीमें—भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, पाकिस्तान, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और आयरलैंड—पहले ही वर्ल्ड कप में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं। तंजानिया अब 12वीं टीम बन गई है, जबकि चार स्थान अभी बाकी हैं।
तंजानिया की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने क्रिकेट जगत में एक नई उम्मीद जगा दी है कि किस तरह समर्पण और मेहनत के दम पर कोई भी टीम बड़े मंच तक पहुंच सकती है।
Share this content:
