April 30, 2026

ICC रैंकिंग में बड़ा उलटफेर: स्मृति मंधाना नंबर 1 से फिसलीं, इंग्लैंड की कप्तान नैट सिवर ब्रंट टॉप पर

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना को आईसीसी महिला वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में बड़ा झटका लगा है। हाल ही में नंबर 1 बनीं मंधाना अब दूसरे स्थान पर आ गई हैं। इंग्लैंड की कप्तान नैट सिवर ब्रंट ने शानदार प्रदर्शन के दम पर दो साल बाद एक बार फिर पहला पायदान हासिल कर लिया है।

मंधाना ने हालिया वनडे सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों में 115 रन बनाए, जबकि सिवर ब्रंट ने 53 के औसत से 160 रन ठोककर बाजी मार ली। उनका बेस्ट स्कोर 98 रन रहा। अब नैट सिवर ब्रंट के पास 731 पॉइंट हैं जबकि स्मृति मंधाना के 728।

भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी इस सीरीज में कमाल किया और 126 रन बनाकर 21वें से 11वें नंबर पर पहुंच गईं। वहीं जेमिमा रोड्रिग्स अब 13वें स्थान पर हैं।

गेंदबाजी की रैंकिंग में इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन टॉप पर हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ तीन मैचों में 5 विकेट झटके। ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर और मेगन शट क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं, जबकि भारत की दीप्ति शर्मा चौथे पायदान पर बनी हुई हैं।

भारत ने इस तीन मैचों की वनडे सीरीज को 2-1 से जीत लिया था। पहले मैच में भारत ने 4 विकेट से जीत दर्ज की, दूसरा मैच इंग्लैंड ने जीता, जबकि तीसरे मुकाबले में भारत ने 13 रन से बाजी मारी। इससे पहले भारत ने टी20 सीरीज भी 2-1 से अपने नाम की थी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!