April 30, 2026

गौतम गंभीर की इंग्लैंड में ओवल ग्राउंड स्टाफ से तीखी बहस, प्रैक्टिस सेशन में मचा बवाल

भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर और इंग्लैंड के ओवल ग्राउंड स्टाफ के बीच मंगलवार को एक तीखी बहस हो गई। यह घटना लंदन के केनिंग्टन ओवल में उस वक्त हुई जब टीम इंडिया सीरीज के आखिरी टेस्ट से पहले अपने पहले प्रैक्टिस सेशन के लिए मैदान पर पहुंची थी। प्रैक्टिस के लिए दी गई सुविधाओं से गंभीर असंतुष्ट नजर आए और इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ता चला गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, गौतम गंभीर ने मैदान की तैयारियों और सुविधाओं पर नाराजगी जाहिर की, जिसके बाद उनकी ग्राउंड स्टाफ से बहस शुरू हुई। यह बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। गंभीर को ग्राउंड स्टाफ पर चिल्लाते और हाथों से इशारे करते देखा गया। मामला तब और गरमा गया जब ग्राउंड स्टाफ ने गंभीर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की धमकी दी।

सूत्रों की मानें तो इस पर गंभीर और भड़क उठे और जवाब में कहा – “आप जिसे चाहें शिकायत कर सकते हैं, लेकिन हमें ये मत बताइए कि क्या करना है।” इस तनावपूर्ण स्थिति के बीच बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक और अन्य भारतीय सहयोगी स्टाफ को बीच-बचाव करना पड़ा और दोनों पक्षों को अलग किया गया।

यह विवाद ऐसे समय पर हुआ है जब टीम इंडिया के लिए अगला टेस्ट मैच बेहद अहम है। इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत फिलहाल 1-2 से पीछे है, और आखिरी मैच को जीतकर ही वह सीरीज को बराबरी पर खत्म कर सकता है। ऐसे में इस प्रकार की घटनाएं टीम के माहौल पर असर डाल सकती हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले भारत ने केनिंग्टन ओवल में अपने पिछले दौरे के दौरान टेस्ट मैच जीता था, जिससे इस मैदान पर टीम के आत्मविश्वास को बल मिला है। अब देखना यह होगा कि मैदान से पहले मैदान के बाहर पैदा हुए विवाद का असर खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर पड़ता है या नहीं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!