May 5, 2026

संसद पहुंचे अभिनेता कमल हासन, कहा – तमिलनाडु और भारत के हित में बोलूंगा हर एक शब्द

दिग्गज अभिनेता और मक्कल निधि मय्यम (एमएनएम) पार्टी के प्रमुख कमल हासन ने गुरुवार को राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली। संसद के गलियारों में कदम रखते हुए हासन ने इसे अपने सार्वजनिक जीवन का नया अध्याय बताया और कहा कि वह इस जिम्मेदारी को गंभीरता और ईमानदारी से निभाने का संकल्प लेते हैं। उन्होंने कहा, “संसद में मेरा हर शब्द तमिलनाडु और भारत के हित में समर्पित होगा।”

69 वर्षीय कमल हासन ने राजनीति में सक्रिय भूमिका 2017 में अपनी पार्टी एमएनएम की स्थापना के साथ शुरू की थी। 2019 के लोकसभा चुनावों में पार्टी को लगभग 4% वोट मिले थे और इसके बाद हासन ने 2021 में कोयंबटूर दक्षिण सीट से विधानसभा चुनाव भी लड़ा, हालांकि वह बीजेपी की वनाथी श्रीनिवासन से मामूली अंतर से हार गए थे।

कमल हासन की राज्यसभा में यह एंट्री अप्रत्यक्ष रूप से 2024 के आम चुनावों के बाद डीएमके को समर्थन देने का नतीजा है। एमएनएम ने खुद चुनाव नहीं लड़ा, बल्कि डीएमके की मौजूदा सरकार का समर्थन किया। इसके बाद अब उन्हें राज्यसभा की सीट दी गई है। उन्होंने इस बदलाव को समय की मांग बताया और कहा कि यह सहयोग तमिलनाडु के भविष्य को मजबूती देगा।

सांसद बनने के बाद कमल हासन से यह उम्मीद लगाई जा रही है कि वे 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में डीएमके गठबंधन के साथ चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। हालांकि इस बार मुकाबला कठिन रहने की संभावना है क्योंकि अभिनेता विजय की पार्टी ‘टीवीके’ भी इसी चुनाव से अपनी राजनीतिक पारी शुरू करने जा रही है।

हासन पहले भी सामाजिक और जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे हैं। उन्होंने महिलाओं के लिए मासिक सहायता योजना की शुरुआत की थी, जिसे बाद में डीएमके सरकार ने भी अपनाया और लागू किया। इस पहल से उन्हें जनता के बीच एक संवेदनशील और कल्याणकारी नेता की छवि मिली।

कमल हासन ने यह भी कहा कि उन्हें जनता से बहुत अपेक्षाएं हैं और वह हरसंभव कोशिश करेंगे कि इन उम्मीदों पर खरा उतरें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह संसद को एक सार्थक मंच के रूप में लेंगे जहां से वे जनहित, सामाजिक न्याय और तमिलनाडु के अधिकारों की मुखर आवाज़ बनेंगे।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!