भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा T20 इंटरनेशनल मुकाबला चंडीगढ़ के नए मुल्लांपुर स्टेडियम में खेला जाएगा। यह पहला मौका है जब इस नए मैदान पर भारतीय मेंस क्रिकेट टीम का कोई अंतरराष्ट्रीय मैच होने जा रहा है। टीम इंडिया कटक में मिली जीत को दोहराने के इरादे से उतरेगी, वहीं सभी की नजरें एक बार फिर हार्दिक पंड्या पर होंगी, जिन्होंने पहले T20 में धमाकेदार पारी खेली थी।
दूसरे मैच में हार्दिक का अंदाज़ बिल्कुल हटके रहने वाला है। दरअसल, वह मैदान पर सिर्फ भारत को जीत दिलाने के लिए ही नहीं उतरेंगे, बल्कि एक ऐसा इतिहास रचने के भी बेहद करीब हैं, जो उन्हें दुनिया के चुनिंदा क्रिकेटरों की खास लिस्ट में शामिल कर देगा। उनसे पहले भी कुछ खिलाड़ी ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं, लेकिन हार्दिक उस सूची में एक अनोखे नाम के तौर पर शुमार होंगे।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस मुकाबले में हार्दिक पंड्या को इतिहास रचने के लिए सिर्फ 1 विकेट की जरूरत है। जैसे ही वह यह एक विकेट हासिल करेंगे, उनके T20 इंटरनेशनल विकेटों की संख्या 100 हो जाएगी। इससे वह दुनिया के उन खिलाड़ियों में शामिल हो जाएंगे, जिन्होंने T20I में 100 विकेट और 100 छक्के लगाए हैं। लेकिन खास बात यह है कि इस उपलब्धि को हासिल करने वाले वह दुनिया के पहले pace all-rounder होंगे। इससे पहले यह कारनामा सिकंदर रजा, मोहम्मद नबी और विरनदीप सिंह कर चुके हैं, लेकिन तीनों स्पिन ऑलराउंडर हैं।
इतना ही नहीं, एक विकेट लेते ही हार्दिक पंड्या मेंस T20 इंटरनेशनल में 1000 से ज्यादा रन और 100 विकेट लेने वाले भी चौथे खिलाड़ी बन जाएंगे। यहां भी उनकी खासियत वही है—वो इस उपलब्धि को हासिल करने वाले अकेले तेज गेंदबाज ऑलराउंडर होंगे। इससे पहले शाकिब अल हसन, मोहम्मद नबी और सिकंदर रजा ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं, लेकिन वे सभी स्पिनर हैं।
पहले T20 में हार्दिक ने नाबाद अर्धशतक की शानदार पारी खेली थी, जिससे भारत ने मजबूत जीत दर्ज की। अब दूसरे मैच में भी उम्मीद है कि वह बल्ले और गेंद दोनों से वही जोश दोहराएंगे। अगर वह अपने इस प्रदर्शन को जारी रखते हैं, तो टीम इंडिया न केवल सीरीज में बढ़त हासिल करेगी, बल्कि दुनिया एक ऐसे अनोखे रिकॉर्ड का गवाह भी बनेगी, जो हार्दिक पंड्या को खास मुकाम दिलाएगा।
Share this content: