हैप्पी बर्थडे टर्बनेटर: हरभजन सिंह – भारत की पहली टेस्ट हैट्रिक से IPL के अनब्रेकेबल रिकॉर्ड तक
भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल ऑफ स्पिन गेंदबाजों में से एक, हरभजन सिंह आज (3 जुलाई 2025) अपना 45वां जन्मदिन मना रहे हैं। क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट्स में अपनी गेंदबाज़ी और कई बार उपयोगी बल्लेबाज़ी से हरभजन ने टीम इंडिया को कई अहम मौकों पर जीत दिलाई। अपने करियर में उन्होंने कई ऐसे रिकॉर्ड बनाए जो अब भी कायम हैं। वह भारत को 2007 टी20 वर्ल्ड कप और 2011 वनडे वर्ल्ड कप जिताने वाली टीमों का हिस्सा भी रहे।
भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में पहली हैट्रिक
हरभजन सिंह को अंतरराष्ट्रीय पहचान साल 2001 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से मिली। इस सीरीज़ में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कुल 32 विकेट लिए और कोलकाता टेस्ट में भारत के लिए पहली टेस्ट हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया। उनकी इस उपलब्धि ने उन्हें ‘मैच विनर’ की श्रेणी में स्थापित कर दिया और भारत ने वह सीरीज़ 2-1 से जीत ली।
IPL में 7वें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड आज भी बरकरार
हरभजन सिंह का प्रदर्शन सिर्फ इंटरनेशनल क्रिकेट तक ही सीमित नहीं रहा। आईपीएल में भी उन्होंने गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी कई यादगार पारियां खेलीं। खासतौर पर 2015 में पंजाब किंग्स (तब किंग्स इलेवन पंजाब) के खिलाफ जे सुचित के साथ 7वें विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी की थी। यह साझेदारी आज भी IPL के इतिहास में 7वें विकेट के लिए सबसे बड़ी है। उस मैच में हरभजन ने 64 रन बनाए थे, भले ही उनकी टीम मुंबई इंडियंस मैच नहीं जीत पाई।
हरभजन सिंह का संपूर्ण क्रिकेट करियर
हरभजन ने 1998 में भारत के लिए डेब्यू किया और 103 टेस्ट मैचों में 417 विकेट चटकाए, जिसमें 25 बार 5 विकेट की पारी शामिल है। बल्लेबाज़ी में भी उन्होंने दो शतक और 9 अर्धशतक के साथ 2224 रन बनाए। वनडे में 236 मैचों में 269 विकेट और 1237 रन उनके नाम हैं। टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने 28 मैचों में 25 विकेट हासिल किए। वहीं आईपीएल में 163 मैचों में 150 विकेट और 833 रन उनके खाते में दर्ज हैं।
हरभजन सिंह आज भी भारतीय क्रिकेट के इतिहास में उस खिलाड़ी के रूप में याद किए जाते हैं, जिसने अपने जज़्बे, आक्रामकता और आत्मविश्वास से कई पीढ़ियों को प्रेरित किया। टर्बनेटर के नाम से मशहूर हरभजन को उनके 45वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं!
Share this content:
