April 17, 2026

IND vs ENG U19: वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बैटिंग से हिला इंग्लैंड, 31 गेंदों पर 86 रन ठोक बने ऋषभ पंत क्लब का हिस्सा

इंग्लैंड में खेली जा रही अंडर-19 यूथ वनडे सीरीज में भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा धमाल मचाया कि इंग्लैंड के गेंदबाज पानी मांगते नजर आए। 14 वर्षीय वैभव ने तीसरे वनडे में 31 गेंदों पर 86 रन की विस्फोटक पारी खेली और भारत को 4 विकेट से जीत दिलाई। इसके साथ ही टीम इंडिया ने 5 मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त भी हासिल कर ली।

20 गेंदों में फिफ्टी, ऋषभ पंत के बाद दूसरे नंबर पर

नॉर्थेम्प्टन में खेले गए तीसरे वनडे में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बारिश से प्रभावित 40 ओवर के मुकाबले में 6 विकेट पर 268 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत सामान्य रही लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने आते ही मैच का रुख पलट दिया। उन्होंने केवल 20 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया, जो भारत की ओर से यूथ वनडे में दूसरी सबसे तेज फिफ्टी है। उनसे आगे केवल ऋषभ पंत हैं, जिन्होंने 2016 में नेपाल के खिलाफ 18 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी।

वैभव ने अपनी 86 रनों की पारी में 6 चौके और 9 छक्के जड़े, और 277.41 का स्ट्राइक रेट बनाए रखा। उनकी इस आक्रामक बल्लेबाजी ने इंग्लैंड की गेंदबाजी की कमर तोड़ दी और भारत ने लक्ष्य को 34.3 ओवर में ही हासिल कर लिया।

सीरीज में अब तक 17 छक्के, स्ट्राइक रेट 213+

वैभव सूर्यवंशी इस सीरीज में अब तक तीन मैचों में 179 रन बना चुके हैं और वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में दूसरे नंबर पर हैं। उनका औसत 59.66 और स्ट्राइक रेट 213.09 का है। उन्होंने अब तक कुल 17 छक्के लगाए हैं, जो उनकी आक्रामक शैली को दर्शाता है।

अब सीरीज का चौथा मुकाबला 5 जुलाई को खेला जाएगा, जिसमें टीम इंडिया के पास सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने का मौका होगा। वैभव की फॉर्म को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि वह इस सीरीज के स्टार खिलाड़ी बनकर उभर सकते हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!